मंत्री भरत चौधरी ने नवाचार, पारदर्शिता, जवाबदेही, समयबद्ध पर दिया फोकस
कृषि, उद्यान और मत्स्य का बजट तकरीबन दोगुना हुआ
चंपावत जिले का 2025-26 से 11.21% बढ़ा बजट
देवभूमि टुडे
चंपावत। वर्ष 2026-27 के लिए चंपावत की 7691.40 लाख रुपये की जिला योजना अनुमोदित कर दी गई है। ये राशि वर्ष 2025-26 से 834.30 लाख रुपये अधिक है। आज 23 अप्रैल को कलक्ट्रेट में हुई DPC (जिला नियोजन समिति) की बैठक में उत्तराखंड के ग्राम्य विकास, MSME और खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री तथा चंपावत जिले के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने योजना का अनुमोदन किया। उन्होंने नवाचार, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ समयबद्ध रूप से कार्य पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।





प्रभारी मंत्री ने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने, सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने और स्थानीय उत्पादों को हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड के अंतर्गत विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से लिंगड़ा, बुरांश और जिले आधारित उत्पादों की पहचान कर उनके उत्पादन एवं विपणन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सिलाई, हस्तशिल्प एवं अन्य लघु उद्योगों को बढ़ावा देने तथा स्वरोजगार के अवसर सृजित करने पर जोर दिया। पशुपालन को पहाड़ का पारंपरिक एवं सशक्त आजीविका बताते हुए उन्होंने जागरूकता बढ़ाने एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी बल दिया।
इस वर्ष जिला योजना में कृषि विभाग के अंतर्गत जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा के लिए तारबाड़ और उद्यान विभाग के जरिए कीवी उत्पादन, भेषज विभाग के माध्यम से तेजपत्ता, दालचीनी एवं बड़ी इलायची जैसे उत्पादों के लिए विपणन केंद्र स्थापित करने के प्रावधान शामिल किए गए हैं।
बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री ने कलक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, कृषि एवं बाल विकास, राष्ट्रीय पोषण मिशन अंतर्गत संचालित पोषण पखवाड़ा की गतिविधियों की भी जानकारी ली। बैठक के शुरू में DM मनीष कुमार ने कृषि, उद्यान, सिंचाई, रेशम, लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों द्वारा गत वर्ष किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। DM ने कहा कि सभी प्रस्ताव जन प्रतिनिधियों के सुझावों एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं।
बैठक में मौजूद थे ये जन प्रतिनिधि और अधिकारी:
लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उत्तराखंड वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्याम नारायण पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी व दीपक रजवार, CDO डॉ. जीएस खाती, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी आदि।
प्रमुख रुप से इन विभागों को दिया गया है बजट:
कृषि विभाग- 700.00 लाख
उद्यान विभाग-477.74 लाख
मत्स्य पालन-300.00 लाख
लघु सिंचाई- 250.00 लाख
सिंचाई- 200.00 लाख
लोनिवि- 798.50 लाख
जल संस्थान- 455.00 लाख
युवा कल्याण पीआरडी: 800.00 लाख
© 2026. All Rights Reserved.