Sunday May 10, 2026

चंपावत राष्ट्रीय लोक अदालत में ₹2.43 करोड़ से अधिक राशि का हुआ सेटलमेंट

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत में हुई राष्ट्रीय लोक अदालत में 74 वादों का निस्तारण हुआ। इसके अलावा ₹2.43 करोड़ से अधिक राशि का सेटलमेंट हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला जज अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भवदीप रावते के दिशा-निर्देशन में आज 9 मई को जिला न्यायालय परिसर एवं वाह्य न्यायालय टनकपुर में लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर विभिन्न वादों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया गया। 

 

न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय सुलभ, त्वरित एवं कम खर्चीला बनाने की दिशा में एक प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से पक्षकार आपसी सहमति से विवादों का समाधान प्राप्त कर समय एवं धन दोनों की बचत कर सकते हैं।

लोक अदालत के अंतर्गत गठित प्रथम पीठ में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चंपावत द्वारा जिला न्यायालय में कुल 25 वादों का निस्तारण करते हुए ₹2,12,66,242 की राशि का सेटलमेंट कराया गया। वहीं द्वितीय पीठ में सिविल जज जूनियर डिवीजन, टनकपुर न्यायालय द्वारा कुल 24 वादों का निस्तारण कर ₹5,04,400 का सेटलमेंट किया गया।

इस प्रकार लोक अदालत के माध्यम से कुल 49 लंबित वादों का निस्तारण करते हुए कुल ₹2,17,70,642 की धनराशि का सेटलमेंट कराया गया। इसके अतिरिक्त जिले के सभी न्यायालयों में प्री-लिटिगेशन स्तर पर भी प्रभावी कार्यवाही करते हुए मनी रिकवरी से संबंधित कुल 25 वादों का निस्तारण किया गया, जिनमें ₹25,47,470 की धनराशि का सेटलमेंट हुआ।

जिले के सभी न्यायालयों द्वारा आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत एवं प्री-लिटिगेशन मामलों को मिलाकर कुल 74 वादों का निस्तारण किया गया। साथ ही कुल ₹2,43,18,112 की धनराशि का सेटलमेंट हुआ। लोक अदालत में जिला बार संघ एवं तहसील बार संघ टनकपुर के अधिवक्तागण, नामित सदस्य, पैनल अधिवक्ता, विभिन्न बैंकों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोगों ने हिस्सा लिया।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.