जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चंपावत एवं टनकपुर में 1.07 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सैटलमेंट हुआ
देवभूमि टुडे
चंपावत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला न्यायालय चंपावत और वाह्य न्यायालय टनकपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता एवं सचिव भवदीप रावते के दिशा निर्देशन में आयोजित अदालतों में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन के कुल 111 मामलों का निस्तारण करते हुए कुल 1.07 करोड़ से अधिक की धनराशि का समझौता किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ सहायक समीर चौधरी ने बताया कि लोक अदालत में प्रथम पीठ सिविल जज सीनियर डिवीजन, चंपावत ने जिला न्यायालय में कुल 48 लंबित मुकदमों का निस्तारण करते हुए 60 लाख 16 हजार 180 का सेटलमेंट कराया। प्री-लिटिगेशन के अंतर्गत मनी रिकवरी से जुड़े 40 मामलों का निस्तारण कर 39 लाख 30 हजार 600 का समझौता हुआ। द्वितीय पीठ न्यायिक मजिस्ट्रेट, टनकपुर न्यायालय ने 19 लंबित मामलों का निस्तारण कर 6 लाख 4 हजार 690 रुपये का समझौता कराया। जबकि प्री-लिटिगेशन के तहत मनी रिकवरी के चार मुकदमों का निस्तारण करते हुए 1. 70 लाख रुपये की धनराशि का समझौता संपन्न हुआ। लोक अदालत में जिला बार संघ चंपावत व तहसील बार संघ टनकपुर के अधिवक्ताओं, नामित सदस्यों, पैनल अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों ने भाग लिया।
© 2026. All Rights Reserved.