Sunday May 17, 2026

श्वेता मेहरा और खुशी जोशी के गीतों पर जमकर थिरके दर्शक

चंपावत गोल्ज्यू महोत्सव में स्थानीय कलाकारों एवं स्कूली बच्चों ने भी कार्यक्रम में लगाए चार चांद आज महोत्सव का अंतिम दिन

देवभूमि टुडे

चंपावत। गोल्ज्यू महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर रही। कार्यक्रम देखने के लिए चंपावत नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा लोहाघाट से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्वेता

मेहरा और खुशी जोशी के गीतों पर दर्शकों ने जमकर ठुमके लगाए। स्थानीय कलाकारों एवं स्कूली बच्चों ने भी मनमोहक प्रस्तुति दी। आज रात तीसरी और अंतिम बार महोत्सव में स्टार नाइट होगी। साथ ही कारोबारी मेले का भी आज शनिवार को अंतिम दिन है।

गोल्ज्यू महोत्सव।

संस्कृतिक विभाग और पायल कला केंद्र अल्मोड़ा के कलाकारों ने मंच संभालते ही एक से बढ़कर एक कार्यक्रम पेश किए। गायिका खुशी जोशी ने अपने प्रसिद्ध गीत-अल्मोड़ा अंग्रेज आए टैक्सी में..., तू रुछी मैया तू रुछी... से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा गोविंद अधिकारी ने-गोविंद दी फुलकिया पतोली और न्योली छपेली गाकर वाहवाही लूटी। गढ़वाली गायक सौरभ के- तू पहाड़ों को रेवासी मैं दिल्ली रून्या वाली... गीत ने भी धमाल मचाया। मुख्य आकर्षण श्वेता मेहरा के कार्यक्रम रहे। उन्होंने अपने चर्चित गीतों और लटके झटकों से रात की रंगत बढ़ा दी।

सांस्कृतिक संध्या से पूर्व बाल कलाकारों और विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी। मॉडर्न इंटर कालेज चंपावत ने होली पर आधारित सुंदर प्रस्तुति दी। जबकि न्यू बीरशिवा स्कूल, इंडस नेशनल स्कूल और जीजीआईसी के विद्यार्थियों ने भी मंच में हुनर दिखाया। स्थानीय कलाकारों में सरिता चंद, प्रिया अमर्त्य, राखी सारस्वत, पल्लवी और इंदु महल आदि कलाकारों ने सुरीली व मनभावन प्रस्तुतियों से समा बांध दिया।

सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. भुवन चंद्र जोशी, अशोक वर्मा, राजेंद्र गहतोड़ी और नीरज जोशी के संचालन में हुए कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, पूर्व शासकीय अधिवक्ता अमरनाथ वर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य इंद्र सिंह बोरा, महोत्सव समिति के संरक्षक देवीलाल वर्मा, चंपावत सहकारी समिति की अध्यक्ष मंजू शाह, ईओ भरत त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.