Tuesday Feb 17, 2026

DM मनीष कुमार ने की NCORD के कार्यों की समीक्षा

नशाखोरी के खिलाफ 1933 में दर्ज कराए शिकायत, 'मानस पोर्टल' का भी हो सकेगा उपयोग

ग्राम स्तर तक अभियान चलाने के दिए निर्देश

देवभूमि टुडे

चंपावत। DM मनीष कुमार ने कहा कि जिले को नशे के जाल से बाहर निकालने के लिए पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण जैसे विभागों को समन्वय के साथ सामूहिक मिशन के रूप में कार्य करना होगा। आज 16 फरवरी को कलक्ट्रेट में हुई NCORD (Narco Coordination Centre) की जिला स्तरीय समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई को केवल कागजों तक सीमित न रखकर इसे जमीनी स्तर पर ले जाया जाए।

बैठक में मादक पदार्थों के उन्मूलन, तस्करी और इनके सेवन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बताया गया कि इस वर्ष 1 जनवरी से 15 फरवरी तक NDPS एक्ट के तहत 6 अभियोग पंजीकृत कर 5 आरोपितों को जेल भेजा गया है। पुलिस ने करीब 13.48 लाख रुपये मूल्य की 3.718 किलोग्राम चरस और 20.13 ग्राम की स्मैक-हीरोइन बरामद की है। वर्ष 2025 में 1211 नाली क्षेत्र में फैली भांग की खेती को नष्ट किया गया था। DM ने स्कूल-कालेजों में निरंतर संवाद और जागरूकता कार्यक्रम करने के साथ हाईवे, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों जैसे स्थानों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। बताया गया कि नशाखोरी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 1933 और 'मानस पोर्टल' का उपयोग किया जा सकता है। DM ने स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में ADM कृष्ण नाथ गोस्वामी, CMO डॉ. देवेश चौहान, CEO एमएस बिष्ट, जिला आबकारी अधिकारी आरएल शाह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.