Monday Jul 27, 2026

चंपावत में हुए कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में हिस्सा लेने वाले नायक (सेवानिवृत्त) दान सिंह मेहता ने युद्ध के रोमांचकारी व अदम्य साहस से जुड़े संस्मरण सुनाए

बलिदानियों को दी गई श्रद्धांजलि

देवभूमि टुडे

चंपावत। कारगिल विजय दिवस पर चंपावत जिले में कई कार्यक्रम हुए। चंपावत गोरलचौड़ मैदान के समीप शहीद स्मारक में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी एवं SP रेखा यादव सहित जन प्रतिनिधियों एवं पूर्व सैनिकों ने शहीद सैनिकों की स्मृति में दीप प्रज्वलित कर स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। कारगिल युद्ध में हिस्सा लेने वाले नायक (सेवानिवृत) दान सिंह मेहता ने युद्ध के रोमांचकारी व अदम्य साहस से जुड़े संस्मरण साझा कर राष्ट्रभक्ति का संचार किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अधिकारी ने वीरांगनाओं और अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना की अटूट इच्छाशक्ति, अद्वितीय पराक्रम और सर्वोच्च अनुशासन का सजीव प्रमाण है। विधायक प्रतिनिधि तिवारी ने भी 26 जुलाई 1999 की हुई ऐतिहासिक विजय गाथा का स्मरण किया।  ADM एवं SP ने ने कहा कि वीर जवानों की शौर्य गाथाएं सभी के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत हैं।समारोह में एनसीसी कैडेट्स और जीजीआईस की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों एवं कुमाऊंनी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। शानदार प्रदर्शन के लिए एनसीसी कैडेड्स, जीजीआइसी चंपावत की छात्राओं, गार्ड ऑफ ऑनर के लिए पुलिस की टुकड़ी और 119 ओएमसी चंपावत को स्मृति चिह्न दिए गए।

इस अवसर पर ऑफिसर कमांडिंग 119 ओएमसी लेफ्टिनेंट कर्नल रवि ढिल्लोन, आफिसर कमांडिंग एनसीसी नरेंद्र सिंह नगरकोटी, स्क्वाड्रन लीडर (से.नि.) एमसी शर्मा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल (से.नि.) उमेद सिंह, सीईओ मान सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियाें का हुआ सम्मान:

कार्यक्रम में वीर नारियों, पूर्व सैनिकों एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी तथा एडीएम केएन गोस्वामी ने कारगिरल युद्ध के दौरान घायल हुए पूर्व सैनिक नायक दान सिंह मेहता एवं 93 वर्षीय पूर्व सैनिक जय दत्त चिल्कोटी को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वीर नारी पार्वती देवी पत्नी स्वर्गीय विक्रम सिंह, पदमा देवी पत्नी स्वर्गीय. केशव दत्त, बची देवी माता स्वर्गीय. जगत सिंह, हरू देवी माता स्वर्गीय. राहुल रैंसवाल (सेना मेडल), रूपी देवी पत्नी स्वर्गीय. ज्वाला दत्त तथा चंद्रकला जोशी पत्नी स्वर्गीय कृष्ण दत्त जोशी को भी शाल ओढ़ाकर उनके त्याग व समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

भाषण प्रतियोगिता में रेनू व प्राची पहले स्थान पर:

शौर्य दिवस पर आयोजित अंतर विद्यालय सीनियर वर्ग भाषण प्रतियोगिता में रेनू जोशी प्रथम, संजना भट्ट द्वितीय एवं तनुजा बिष्ट तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में प्राची बिष्ट, माही सामंत, निकिता क्रमश: पहले तीन स्थान पर रहीं। सीनियर वर्ग चित्रकला में गौरव सिंह बोहरा, सोनाक्षी पारस, दीक्षा, जूनियर वर्ग चित्रकला में माही सामंत, माही रावत व पारुल ने क्रमश: पहले तीन स्थान प्राप्त किए।

चंपावत कारागिल विजय दिवस।

पूर्व सैनिकों ने सुनाई भारतीय फौज की बहादुरी की दास्तान:

चंपावत/लोहाघाट। कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों और जन प्रतिनिधियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूर्व सैनिकों ने कारगिल विजय में दिखाई गई भारतीय सैनिकों की वीरता के किस्से सुनाए।

पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कै. आरएस देव की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में एसडीएम नीतू डांगर ने नव निर्मित सैनिक गौरव स्थल का शुभारंभ कर अमर जवान ज्योति में पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को याद किया। नगर पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा और सेवानिवृत्त जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रहलाद मेहता रहे। इसके बाद पूर्व सैनिकों ने प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान सैनिक पुत्र और सामाजिक कार्यकर्ता हरगोविंद बोहरा की ओर से पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को प्रतीक चिन्ह और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर कै. एनके पुनेठा, कै. रघुवीर सिंह, सीबी बिष्ट, हयात सिंह बिष्ट, हयात सिंह रावत, हेमंत राय, कै. जीत सिंह अधिकारी, कै. अजय उप्रेती,अमर सिंह देव, तेज सिंह बिष्ट,मोहन सिंह अधिकारी, चनी देवी, जानकी देवी, महेश्वरी देवी, पार्वती देवी, सुनीता देवी आदि वीरांगनाएं मौजूद रहीं।

लोहाघाट।

टनकपुर में बलिदानियों का भावपूर्ण स्मरण:

चंपावत/टनकपुर। टनकपुर सैनिक विश्राम कक्ष में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद के तत्वावधान में हुए श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का शुभारंभ तहसीलदार पिंकी आर्य तथा विशिष्ट अतिथि कोतवाल चेतन रावत ने दीप प्रज्वलित कर एवं कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस दौरान "बलिदानी सैनिकों के नाम एक वृक्ष" अभियान के अंतर्गत सैनिक विश्राम गृह परिसर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सिंह अधिकारी ने किया। इस अवसर पर कै. चंद्रशेखर गहतोड़ी, केशव सिंह भंडारी, जोश सिंह, पूर्णानंद जोशी, सूबेदार मेजर महेश जोशी, सूबेदार पुष्कर सिंह बोरा, हवलदार मनोज तिवारी, हवलदार कैलाश राय, सूबेदार धर्म सिंह रावत, हवलदार दिग्विजय तड़ागी, अजय गुरुरानी, विजेंद्र अग्रवाल, डॉ. देवीदत्त जोशी, जगदीश जोशी सहित बड़ी संख्या में मौजूद थे।

कारगिल विजय दिवस पौधारोपण।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.