Saturday Jun 6, 2026

टनकपुर शारदा कॉरिडोर के साइट इंजीनियर को धमकाने सहित कई आरोप

25 अप्रैल को लगे आरोपों पर 17 मई को दी गई टनकपुर कोतवाली में तहरीर

सल्ली क्षेत्र में नाबालिग से फर्जी दुष्कर्म मामले में साजिशकर्ता सहित कई आरोप में कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद सिंह महरा 13 मई से पिथौरागढ़ जेल में बंद है

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। कांग्रेस के प्रदेश सचिव आनंद सिंह महरा के खिलाफ टनकपुर शारदा कॉरिडोर परियोजना के साइट इंजीनियर को गाली देने, मारपीट, धमकाने और मोबाइल तोड़ने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के संभल जिले के निवासी और शारदा कॉरिडोर के साइट इंजीनियर प्रीत प्रताप ने 17 मई की रात पुलिस को तहरीर सौंपी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 25 अप्रैल को खेतखेड़ा क्षेत्र में शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत नाले पर लेवलिंग और ड्रेसिंग का कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि 25 अप्रैल की शाम बनबसा निवासी आनंद सिंह महरा ने कार्यस्थल पहुंच बिना किसी कारण गालीगलौज व मारपीट की।

आनंद सिंह महरा।

शिकायतकर्ता के मुताबिक जब उन्होंने मोबाइल फोन से घटना की वीडियोग्राफी करने का प्रयास किया, तो आरोपी ने मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक तोड़ दिया। तहरीर में कहा गया है कि आरोपी ने स्वयं को कांग्रेसी नेता बताते हुए भविष्य में देख लेने की धमकी दी। कहा गया कि घटना के बाद डरे साइट इंजीनियर अगले दिन अपने घर संभल चले गए। बाद में उन्होंने इसकी जानकारी कार्यदायी संस्था उत्तराखंड प्रोजेक्ट डेवलपमेंट कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। साइट इंजीनियर प्रीत प्रताप की 17 मई को तहरीर के बाद टनकपुर कोतवाली में बीएनएस की धारा 115 (2), 324 (2), 351 (2) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। बूम चौकी प्रभारी संदीप पिल्ख्वाल को जांच अधिकारी बनाया गया है। कांग्रेस नेता आनंद सिंह महरा सल्ली क्षेत्र में नाबालिग से फर्जी दुष्कर्म मामले में साजिशकर्ता सहित कई आरोप में 13 मई से पिथौरागढ़ जेल में बंद है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.