बलिदानी सैनिक शिरोमणि चिल्कोटी बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट ट्रस्ट ग्रामीण छात्र-छात्राओं को दिखा रहा भविष्य निर्माण की राह
राजकीय इंटर कॉलेज किमतोली में हुए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माधयम से दी गई अहम जानकारी
GIC किमतोली को हारमोनियम, तबला सहित विभिन्न वाद्य यंत्र भेंट किए
देवभूमि टुडे
चंपावत/किमतोली। बलिदानी सैनिक शिरोमणि चिल्कोटी बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट ट्रस्ट ने सीमांत क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को आज के दौर के अनुकूल शैक्षिक अवसर, रोजगार, करियर विकल्प सहित भविष्य निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। नेपाल सीमा से लगे गुमदेश क्षेत्र के किमतोली GIC में आज 13 नवंबर को हुए कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के जरिए विभिन्न विषयों पर आधारित शैक्षिक एवं प्रेरणादायक वीडियो प्रदर्शित किए। इनके माध्यम से छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के तरीके, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का प्रायोजन कुमाऊं इंस्ट्रूमेंट एंड इंजीनियरिंग सर्विसेज के स्वामी बंशीधर चिल्कोटी ने किया। बंशीधर चिल्कोटी ने किमतोली GIC को संगीत शिक्षा एवं छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हारमोनियम, तबला सहित विभिन्न वाद्य यंत्र भेंट किए।
वीडियो प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि वर्तमान समय में सिर्फ परंपरागत करियर विकल्पों तक सीमित रहने के बजाय अपनी रूचि, योग्यता एवं क्षमता के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। PTA (अभिभावक-शिक्षक संघ) के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी ने कहा कि प्रोजेक्टर के जरिए दी गई जानकारी छात्र-छात्राओं के भविष्य को संवारने में मददगार होगी। इससे विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक होने और लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा मिलेगी।



संस्थापक जनार्दन चिल्कोटी ने ऐसे बताए सफलता के सूत्र:
ट्रस्ट के संस्थापक जनार्दन चिल्कोटी ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी रूचि एवं क्षमता को समझ शिक्षा और करियर का चयन करना चाहिए। उन्होंने अनुशासन, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास एवं निरंतर परिश्रम को सफलता का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
SBI के अधिकारी रहे चिल्कोटी ने अपने बैंकिंग सेवा एवं RSETI (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान) के निदेशक के कार्य अनुभव को साझा करते हुए शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं रोजगार के बदलते अवसरों की जानकारी दी। कहा कि विद्यार्थी अपने सपनों को केवल कल्पना तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें साकार करने के लिए आज से ही योजनाबद्ध तरीके से प्रयास शुरू करें। उन्होंने कहा कि 2 माह बाद बच्चों की क्षमता को फिर से परखा जाएगा।
इन्होंने भी विचार रखें:
ट्रस्ट के सह संस्थापक नारायण दत्त चिल्कोटी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं चंपावत की सभासद प्रेमा चिल्कोटी, कार्यक्रम प्रायोजक व CSR समन्वयक बंशीधर चिल्कोटी ने भी विचार रखे। विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतिभा विकास एवं जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मौजूद थे ये लोग:
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सतीश जोशी, शिक्षक कैलाश गिरी, कार्यक्रम संचालनकर्ता दिनेश जोशी, महरोज मियां, भूपेंद्र सिंह देव 'ताऊजी', आशा राय, पुष्कर राम, सोनिका, इंदु जोशी, सीमा पांडेय, प्रकाश कुमार, भगवती प्रसाद, PTA के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी सहित शिक्षक एवं कई अन्य लोग।
© 2026. All Rights Reserved.