Wednesday Aug 12, 2026

टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनलेख के पास  गहरी खाई में लुढ़की कार

सभी कार सवार पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले हैं

देवभूमि टुडे

चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनलेख के पास एक कार गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा 3 अन्य लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को चंपावत जिला अस्पताल लाया गया।

जानकारी के मुताबिक आज 11 अगस्त की अपराह्न करीब 3 बजे चकरपुर से पिथौरागढ़ जा रही कार संख्या (UK05 TA 5045) पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर 10 किलोमीटर दूर बनलेख के पास खाई में गिर गई। हादसे में एक यात्री नरेंद्र राम  (32) पुत्र हेम राम निवासी बांस पिथौरागढ़ की मौके पर मौत हो गई।

जबकि 3 यात्री घायल हो गए। तीनों घायलों (ड्राइवर रोहित कुमार (26) पुत्र जगदीश राम, हरि राम (60) पुत्र दानी राम और जमन राम (63) पुत्र लक्ष्मण राम

निवासी सभी बांस पिथौरागढ़) को निजी वाहन से चंपावत जिला स्थल भेजा गया। सिर में चोट के कारण हरि राम को हल्द्वानी रेफर किया गया है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही SDM बीसी पंत के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य किया। बाद में DM मनीष कुमार एवं DDMO देवेंद्र पटवाल ने भी मौके पर पहुंच हालात का जायजा लिया।

 

आपात सेवा 108 की एंबुलेंस न पहुंचने से नाराज ग्रामीण:

कार दुर्घटना के घायलों को बचाव एवं राहत कार्य में ग्रामीणों ने हाथ बंटाया। नीलाधर भट्ट, मोहन भट्ट, भुवन जोशी, पूर्णनंद जोशी, मोहन चंद्र जोशी, सूरज जोशी, मोहित जोशी, नवीन भट्ट, जोगा दत्त भट्ट (धौन), हिमांशु जोशी, राजेंद्र सिंह, रमेश अधिकारी, मनोज जोशी, बलदेव भट्ट आदि लोग घायलों को घटना स्थल से सड़क पर लाए। जबकि रुक्मिनी जोशी, जानकी देवी आदि महिलाओं ने झाड़ी काटकर आने जाने लायक रास्ता बनाने में मदद की। वहीं घायलों के लिए आपात चिकित्सा सेवा 108 की एंबुलेंस मिलने में देरी पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताया। कहा कि चंपावत से महज 10 किमी दूर बनलेख क्षेत्र में घायलों के लिए एंबुलेंस उपलब्ध न होना व्यवस्था सवाल उठाता है।

 




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.