टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बापरू के पास हुआ दुर्घटना
एक ही परिवार के चार लोग कार में सवार थे
कार स्वामी बलदेव कुमार और कार चालक राजेंद्र कुमार की मौके पर मौत
हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के जौरासी गांव जा रही थी एक कार
देवभूमि टुडे
चंपावत/बाराकोट। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। आज 19 जून को बापरू के पास एक टाटा पंच कार खाई में लुढ़कने के बाद जल गई। दुर्घटना में कार स्वामी और कार चालक की मौत हो गई। जबकि 3 लोग जख्मी हो गए। कार में एक ही परिवार के चार लोग थे। हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है।







जिला आपदा परिचालन केंद्र के मुताबिक हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के जौरासी गांव जा रही एक कार आज 19 जून को अपरान्ह करीब 12.45 बजे एनएच पर बापरू में करीब 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। लुढ़कने के साथ ही कार में भीषण आग लग गई। जानकारी लगने पर पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव व राहत कार्य में हाथ बंटाया। कार चालक राजेंद्र कुमार (47) पुत्र लक्ष्मी राम निवासी अतेड़ा चर्मा डीडीहाट और कार स्वामी बलदेव कुमार (36) पुत्र क्षीम राम निवासी ननकोड़ा, कनालीछीना की मौके पर ही मौत हो गई। बलदेव कुमार दाहिना हाथ का हिस्सा छोड़ शरीर का अधिकांश हिस्सा गायब बताया गया है। कार में सवार तीन लोग कार से छिटकने से बच गए। बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (35), बेटा आरव (5) और अक्षिता (8) घायल हो गए। तीनों घायलों को लोहाघाट उप जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद हालत में सुधार हो रहा है।
दुर्घटना में मृत:
1.बलदेव कुमार (36) पुत्र क्षीम राम निवासी ननकोड़ा, कनालीछीना।
2.चालक राजेंद्र कुमार (47) पुत्र लक्ष्मी राम निवासी अतेड़ा चर्मा डीडीहाट।
दुर्घटना में घायल:
1.नीतू देवी (35) पत्नी बलदेव कुमार।
2.आरव (5) पुत्र बलदेव कुमार।
3.अक्षिता (8) पुत्री बलदेव कुमार।

© 2026. All Rights Reserved.