Sunday Jun 21, 2026

चंपावत में पूर्व सैनिक कैंटीन का तीन युद्धों में हिस्सा लेने वाले 93 वर्षीय सिपाही जय दत्त ने उद्घाटन किया

देवभूमि टुडे

चंपावत। पूर्व सैनिक एवं वीर नारियों के कल्याण और सम्मान की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। पंचशूल टस्कर्स द्वारा चंपावत में ESM (पूर्व सैनिक) कैंटीन का उद्घाटन किया गया। देश के लिए तीन युद्धों में हिस्सा लेने वाले 93 वर्षीय सिपाही (सेवानिवृत्त) जय दत्त ने कैंटीन का उद्घाटन किया। पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर गौतम पठानिया ने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का कल्याण सेना की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि यह कैंटीन पूर्व सैनिक समुदाय को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके प्रति सेना की संवेदनशीलता, देखभाल और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

कैंटीन का उद्घाटन करते 93 वर्षीय सिपाही जय दत्त।

एसडीएम बीसी पंत एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) उमेद सिंह ने कहा कि इससे चंपावत जिले के पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की सुविधा में बढ़ोत्तरी होगी। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के साथ संवाद भी किया गया। जिसमें उनकी समस्याओं एवं जरूरतों पर चर्चा की गई।

पूर्व सैनिक कैंटीन की स्थापना से चंपावत जिले के पर्वतीय क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को जरूरी वस्तुएं एवं सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी के अलावा 60 पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां मौजूद थीं।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.