Friday Nov 27, 2026

पांव फिसलने से युवक की कूल्हे की हड्डी टूटी

टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया

देवभूमि टुडे

बनबसा/टनकपुर। बनबसा के सैनिक छावनी परिसर में अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन आज 26 नवंबर को दौड़ के दौरान गिरने से एक अभ्यर्थी चोटिल हो गया। भर्ती रैली स्थल पर प्राथमिक इलाज के बाद अभ्यर्थी को टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। युवक के पांव के ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक अग्निवीर भर्ती रैली में दौड़ के दौरान देवीधुरा के हिमांशु (20) पुत्र महा सिंह असंतुलित होने से एकाएक गिर गए। फिसलने पांव के कूल्हे की हड्डी टूट गई। आनन-फानन में हिमांशु को टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिंस माहेश्वरी ने जांच के बाद हड्डी का ऑपरेशन जरूरी बताया। ऑपरेशन से पूर्व अभ्यर्थी के परिजनों को सहमति के लिए बुलाया गया है। उनके आने पर सर्जरी किया जाएगा। अलबत्ता सरकारी अस्पताल में OT और उपकरण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से समस्या होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में ऑपरेशन सरकारी अस्पताल में होगा या किसी निजी अस्पताल में या हल्हानी डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में अभी तय नहीं है।

850 युवा दौड़े, 700 सफल

देवभूमि टुडे

चंपावत/बनबसा। बनबसा सैन्य स्टेशन में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन आज 26 नवंबर को चंपावत जिले की चंपावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसील के 850 अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। प्रारंभिक दस्तावेजों की जांच के बाद अभ्यर्थियों की दौड़ 9 बैचों में कराई गई। करीब 700 अभ्यर्थी सफल रहे। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन और शारीरिक व चिकित्सकीय परीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। वहीं पिछले दिनों दौड़ में सफल रहे अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण भी जारी है।

अग्निवीर भर्ती रैली।

कल लोहाघाट व बाराकोट के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे:

चंपावत/बनबसा। कल 27 नवंबर को लोहाघाट और बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर GD  (जनरल ड्यूटी) अभ्यर्थी दौड़ में भाग लेंगे। कल ही चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणी के अभ्यर्थी भी दौड़ में शामिल होंगे।

 

 






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.