Friday Oct 16, 2026

जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने की साजिश रचने का पति गिरधारी लाल साहू पर लगाया आरोप

देहरादून कैंट थाने में दर्ज कराया गया है मुकदमा

ऑडियो से साजिश का पता लगने का दावा

देवभूमि टुडे

चंपावत/देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। शिकायत पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मंत्री ने आरोप लगाया कि उनका पति पहले से विवाहित है और वर्तमान में भी उनके विवाहेत्तर संबंध हैं। अब वह एक महिला के साथ मिलकर जान से मारना चाहता है। आरोप यह भी हैं कि मंत्री के पति ने कई दस्तावेज पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें पदों से हटा दिया। जबकि उन्होंने किसी भी पद से त्यागपत्र नहीं दिया है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य।

कई मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक मंत्री ने पुलिस को बताया कि उनका विवाह 2004 में बरेली के रहने वाले गिरधारी लाल साहू से हुआ था। वे पहले से शादीशुदा थे इस बात को उनके पति ने छुपाया। पहली शादी से उनके बच्चे भी हैं। जब उन्हें यह बात पता चली, तब तक उनके भी बच्चे हो गए थे। ऐसे में लोकलिहाज के कारण वह चुप रहीं। कहा कि वह अनुसूचित जाति से आती हैं, जबकि गिरधारी लाल साहू दूसरी जाति से हैं। पिछले कुछ समय से साहू का व्यवहार बदलने लगा। कुछ समय बाद पता चला कि वर्तमान में साहू के दूसरी महिलाओं से संबंध हैं। इस पर जब उन्होंने आपत्ति जताई, तो साहू ने उनसे माफी मांगी। बावजूद इसके साहू की हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया, तो साहू ने उनके साथ मारपीट, गाली गलौज करने के अलावा जातिसूचक शब्द कहे। आरोप है कि साहू कई बार उनके सरकारी आवास पर आया और आपत्तिजनक शब्द कहे। पता चला कि साहू ने दस्तावेज पर जाली हस्ताक्षर किए, जिससे कंपनी ने उन्हें निदेशक पद से हटा दिया। जबकि उन्होंने ऐसा कोई भी पत्र नहीं बनाया और नहीं कभी त्यागपत्र दिया। देहरादून पुलिस के मुताबिक मंत्री की शिकायत पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना, जान से मारने का षडयंत्र रचने, मारपीट और एससीएसटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि मंत्री ने पुलिस को बताया कि उन्हें हाल ही में एक ऑडियो मिला है। जिसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बात कर रहा है। आरोप है कि इस महिला के साथ वह मंत्री को जान से मारने का षडयंत्र रच रहा है। पुलिस ने इस पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.