4 मई से शुरू गोल्ज्यू महोत्सव का 16 मई की रात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से समापन किया
गोल्ज्यू महोत्सव जैसे आयोजन देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण
देवभूमि टुडे
चंपावत। 4 मई से शुरू गोल्ज्यू महोत्सव का आज 16 मई की रात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से वर्चुअल माध्यम से समापन किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में गोल्ज्यू महोत्सव जैसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। न्याय के देवता के रूप में पूज्यनीय श्री गोल्ज्यू महाराज की पावन भूमि को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक विरासत और लोक परंपराओं के संरक्षण के साथ क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का वातावरण निर्मित करते हैं।






CM धामी ने नगरपालिका, जिला प्रशासन एवं क्षेत्रवासियों को इस आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को महोत्सव की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों की मातृशक्ति द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान मिली है। पहाड़ी दालों, हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक उत्पादों एवं पारंपरिक व्यंजनों की बिक्री से स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिली है। इसी तरह विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आम जनता को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत जिले चंपावत के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ‘मानसखंड मंदिर माला मिशन’ के अंतर्गत कुमाऊं क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक स्थलों को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चंपावत में ‘गोल्ज्यू कॉरिडोर’ और टनकपुर में ‘शारदा कॉरिडोर’ का निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही जिले के आंतरिक मोटर मार्गों के चौड़ीकरण,पार्किंग सुविधाओं के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित आधुनिक ड्राई पोर्ट, अंतरराष्ट्रीय स्तर का साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, आईएसबीटी टनकपुर, आंतरिक पेयजल योजनाएं जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं जिले में विकास की नई इबारत लिख रही हैं।
इस दौरान दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, कैलाश अधिकारी, सभासद प्रेमा चिल्कोटी, जनार्दन चिल्कोटी, राजेंद्र गहतोड़ी, डॉ. बीसी जोशी, DM मनीष कुमार, SP रेखा यादव, CDO डॉ. जीएस खाती, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी, EO भरत त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.