मुख्यमंत्री ने 55.52 करोड़ की लागत से बन रहे अत्याधुनिक साइंस सेंटर का किया निरीक्षण विज्ञान सेंटर विद्यार्थियों के लिए आवासीय वैज्ञानिक शिक्षण का बनेगा हब
देवभूमि टुडे
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में 55.52 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्धता का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि साइंस सेंटर जिले में वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था लोनिवि को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण के दौरान पर्यावरणीय मानकों एवं श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने पर भी बल दिया।







निर्माणाधीन विज्ञान केंद्र का मुआयना करते CM पुष्कर सिंह धामी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित वैज्ञानिक गैलरियों एवं चारमंजिला साइंस कैंपस में प्रस्तावित सुविधाओं का अवलोकन किया। इस कैंपस में 40 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया तथा नन्हें विज्ञानियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साइंस सेंटर भविष्य में प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि विज्ञान के बिना विकास की परिकल्पना अधूरी है और इस केंद्र के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों एवं खगोल विज्ञान को समझने का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर UCOST के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने बताया कि दो मंजिला साइंस गैलरी ब्ल्राक में फन साइंस गैलरी, प्रदर्शनी कक्ष, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हाल तथा अत्याधुनिक एस्ट्रोनामी गैलरी विकसित की जा रही है। इसके अतिरिक्त परिसर में 120 क्षमता वाला आडिटोरियम, 71 सीटों वाला आधुनिक प्लैनेटेरियम (तारामंडल) तैयार किया जा रहा है, जिसमें इनर एवं आउटर डोम की सुविधा होगी। स्टाफ के लिए कान्फ्रेंस एवं डेवलपमेंट हाल जैसी विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं भी स्थापित की जा रही हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, DM मनीष कुमार, SP रेखा यादव CDO डॉ. जीएस खाती, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी आदि मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.