Tuesday Sep 1, 2026

जिले के प्रवेशद्वार बनबसा में शहीद स्मारक व विशाल तिरंगे का हुआ लोकार्पण

मुख्यमंत्री धामी ने शहीदों को नमन कर वीर नारियों व वीरता पदक विजेता को किया सम्मानित

देवभूमि टुडे

चंपावत/बनबसा। नेपाल सीमा से लगे बनबसा में आज 1 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिक स्मारक एवं झंडा पार्क का लोकार्पण किया। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और करीब 100 फीट ऊंचा राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया। एसएसबी जवानों के बिगुल वादन के बीच मुख्यमंत्री सहित अन्य लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नौ वीर नारियों, एक वीर माता और सेना मेडल से सम्मानित सूबेदार गोपाल दत्त शर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल-भारत सीमा पर स्थापित यह शहीद स्मारक देश सेवा और बलिदान का प्रतीक है। यह आने वाली पीढ़ियों को वीर जवानों के साहस, त्याग और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले देश के अंतिम गांव या क्षेत्र कहे जाने वाले सीमावर्ती इलाकों को अब भारत के ‘पहले क्षेत्र’ के रूप में देखा जा रहा है। धामी ने कहा कि वह स्वयं सैनिक के पुत्र हैं, इसलिए सैनिकों के सम्मान से जुड़े इस कार्य में सहभागी बनना उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान व कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश वीर सैनिकों की भूमि है। यहां लगभग हर परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना या अर्धसैनिक बलों के माध्यम से राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान दे रहा है।

बनबसा शहीद स्मारक लोकार्पण कार्यक्रम।

इनका हुआ सम्मान:

वीर नारी सरस्वती देवी (पत्नी स्व. सिपाही उत्तम चन्द), लक्ष्मी देवी (पत्नी स्व. हवलदार किशन सिंह), कमला देवी (पत्नी स्व. गार्डसमैन दुर्गादत्त), खीमा देवी (पत्नी स्व. नायक हयात सिंह), माया चन्द (पत्नी स्व. सिपाही ललित मोहन), सरस्वती देवी (पत्नी स्व. ला. ना. जय बहादुर चन्द), ललिता चंद (पत्नी स्व. सिपाही प्रेम चन्द), गीता देवी (पत्नी स्व. नायक जगदीश सिंह) और पिंकी रैसवाल (पत्नी स्व. सिपाही राहुल रैसवाल) को सम्मानित किया। वीर माता लक्ष्मी देवी (माता स्व. नायक खीम सिंह) तथा वीरता पदक विजेता सूबेदार गोपाल दत्त शर्मा (सेना मेडल)।

पूर्व सैनिकों संग संवाद भी किया:

मुख्यमंत्री ने वीर नारियों और भूतपूर्व सैनिकों से संवाद किया। एसएसबी जवानों के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेनि.), एसएसबी कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम समेत अन्य अधिकारी, सेवानिवृत्त सैनिक, वीर माताएं और अन्य लोग मौजूद थे।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.