Friday Aug 21, 2026

चंपावत जिला अस्पताल में 50 लाख की लागत से बनी है यूनिट

दुर्घटना, प्रसव व सर्जरी के मरीजों को मिलेगा त्वरित लाभ

देवभूमि टुडे

चंपावत/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला अस्पताल स्थित 50 लाख रुपये से नवनिर्मित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि चंपावत के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। कुमाऊं में पिथौरागढ़ और रुद्रपुर के बाद चंपावत जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की सुविधा शुरू हुई है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय से उपलब्ध हो सकेंगे। सीएम ने कहा कि चंपावत को विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में पूरे उत्तराखंड के लिए आदर्श मॉडल बनाने का संकल्प है। चंपावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है।

ब्लड कंपोनेंट्स यूनिट।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के माध्यम से दान किए गए रक्त को पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (पीआरबीसी), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स में अलग किया जा सकेगा। मरीज की बीमारी और चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जाएगा। इससे एक यूनिट रक्त का वैज्ञानिक एवं जरूरत के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित होगा और अलग-अलग जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिल सकेगा।

आपात स्थिति में मिलेगी राहत:

दुर्घटना, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, सर्जरी, गंभीर बीमारी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। आवश्यक रक्त घटक के लिए मरीजों को अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की जरूरत भी कम होगी। इससे उपचार में महत्वपूर्ण समय की बचत होगी और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को राहत मिलेगी।

ये रहे मौजूद:

भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आदि।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.