मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव में सीएम ने मातृशक्ति से रक्षा सूत्र बंधवाकर रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दी
6296.87 लाख रुपये की 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
देवभूमि टुडे
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 6296.87 लाख रुपये की 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 1107.75 लाख रुपये की 20 योजनाओं का लोकार्पण और 5189.12 लाख रुपये की 30 नई विकास योजनाओं के शिलान्यास शामिल हैं। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव में आज 27 अगस्त को धूरा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और विकास को पंख लगेंगे। मौसम खराब होने से टनकपुर से कार से धूरा पहुंचे मुख्यमंत्री का डीएम मनीष कुमार और एसपी रेखा यादव ने स्वागत किया। सशक्त बहना उत्सव में सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां के प्राकृतिक सौंदर्य से ही नहीं, बल्कि यहां की मेहनती, साहसी और आत्मनिर्भर मातृशक्ति से भी है। सीएम ने कहा कि वे अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। कुमाऊंनी में बोलते हुए उन्होंने कहा कि चंपावत से मिलने वाला प्रेम और अपनापन उन्हें विशेष ऊर्जा देता है। सीएम ने मातृशक्ति से रक्षा सूत्र बंधवाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। महिलाओं को रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से उपहार भी वितरित किए गए।










महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता:
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां के प्राकृतिक सौंदर्य से ही नहीं, बल्कि यहां की मेहनती, साहसी और आत्मनिर्भर मातृशक्ति से भी है। महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल सरकारी योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि महिलाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर परिवार एवं समाज के निर्णयों में भागीदार बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। चंपावत में बेटियों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए डिग्री कॉलेज हॉस्टल, आईटी लैब, 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोट्र्स कॉलेज, इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान औरा महिला प्रौद्योगिकी पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए गांव या जिले से बाहर न जाना पड़े।
लखपति दीदी से करोड़पति दीदी बनें हमारी बहनें:मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लखपति दीदी बनने के बाद प्रदेश की माताएं-बहनें आगे बढ़कर करोड़पति बनें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि इन उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए वोकल फॉर लोकल, हाउस ऑफ हिमालयास, हिलांस आउटलेट, मोबाइल काट्र्स, फूूड वैंस और ई-रिक्शा जैसे माध्यम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण और स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना एवं महालक्ष्मी किट जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर होती है, तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर होता है। परिवार से गांव, गांव से समाज और समाज के सशक्त होने से पूरा उत्तराखंड सशक्त एवं समृद्ध बनता है। सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां किसी बेटी को अवसरों की कमी के कारण पलायन न करना पड़े और चंपावत की मातृशक्ति विकास की मुख्यधारा में नेतृत्वकर्ता बनकर उभरे।
धूरा सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं:
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूणर्् निर्माण कार्यों की घोषणा की। इनमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्थान धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग, ग्राम पंचायत ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क, भागीना भंडारी में मुख्य सड़क से जीआईसी एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग व इंटरलॉकिंग टाइल्स, धौन एवं बस्तियागूंठ के विभिन्न मंदिरों का सौंदर्यीकरण शामिल है। इसके साथ ही अमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुड़म, झालाकुड़ी, नौलापानी एवं बस्तियागूंठ के मास्वाड़ तोक सहित विभिन्न क्षेत्रों में भूकटाव एवं बाढ़ सुरक्षा के लिए वायरक्रेट कार्य, ग्राम पंचायत पोथ के लदिया नदी में झूला पुल, दियूरी से चौड़ा तक सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई के लिए नलकूप, सूखीढांग-डांडा-मीडार मोटर मार्ग में हॉटमिक्स और बुड़म के कठोल में झूला पुल निर्माण कार्य किए जाएंगे।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया:
सीएम ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह के स्टॉल में चाख चलाया (आटा पीसने का परंपरागत उपकरण)। साथ ही बाल विकास विभाग के स्टॉल में सीएम ने छोटी बच्चियों के साथ केक काटकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।
मौजूद थे ये लोग:
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, गोविंद वर्मा, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, सुभाष बगौली, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, सतीश चंद्र पांडेय, एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, सुंदर बोहरा, दीपक बोहरा, जिला पंचायत सदस्य हिमानी बोहरा, मोहन सिंह अधिकारी, सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के जिलाध्यक्ष महेश चौड़ाकोटी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, मंडल अध्यक्ष धूरा गोविंद सिंह बोहरा, सुनील पुनेठा, प्रकाश बिनवाल, सीएम कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केएस बृजवाल, सीडीएम डॉ. जीएस खाती, एडीएम केएन गोस्वामी, एसडीएम प्रमोद कुमार आदि।
© 2026. All Rights Reserved.