Wednesday Apr 1, 2026

चंपावत के गांधी चौक में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अनावरण भी किया

देवभूमि टुडे

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए जनकल्याण एवं आधारभूत संरचना को सशक्त बनाने के लिए 36.83 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इसमें 7.12 करोड़ लागत वाली 4 योजनाओं का लोकार्पण और 29.71 करोड़ की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा इन योजनाओं से चंपावत के अंतिम छोर तक विकास का लाभ पहुंचेगा और चंपावत तेजी से आदर्श जिले के रूप में स्थापित होगा। मुख्यमंत्री ने गांधी चौक में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है। जो प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रसेवा का भाव जागृत करता है तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता है।

चंपावत गांधी चौक में CM धामी का माल्यार्पण करते कार्यकर्ता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चंपावत को आदर्श जिला बनाने का संकल्प इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जिले में 117 करोड़ रुपये से अधिक से गोलज्यू कॉरिडोर का निर्माण प्रगति पर है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए जिला अस्पताल में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित किया गया है तथा 5 करोड़ रुपए की लागत से CT स्कैन एवं MRI जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 57 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा साइंस सेंटर, AI के इस युग में बच्चों को आधुनिक ज्ञान से जोड़ते हुए उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। उन्होंने बताया कि शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि खेल क्षेत्र में बेटियों को प्रोत्साहित करने के मकसद से लोहाघाट में 257 करोड़ रुपए की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माधीन है। इसके साथ ही भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट निर्माण और बुजुर्गो के लिए 8.99 करोड़ रुपए की लागत से वृद्धाश्रम भवन निर्माणाधीन है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान वीर सैनिकों, वीर नारियों एवं पर्यावरण मित्रों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। जिला महामंत्री मुकेश  कलखुड़िया के संचालन में हुए कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, पूर्व दर्जा मंत्री शिवराज कठायत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, सतीश पांडेय, गोविंद वर्मा, हरंगोविंद बोहरा, DM मनीष कुमार, SP रेखा यादव, CDO डॉ. जीएस खाती, सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं बड़ी संख्या में नागरिक व अन्य मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.