चंपावत के सिमल्टा की बहादुर बेटी किरण पांडेय का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में किया सम्मान
17 जुलाई को तेंदुए से भिड़ पिता सुरेश चंद्र पांडेय की जान बचाई थी बेटी किरण पांडेय ने
देवभूमि टुडे
चंपावत/देहरादून। तेंदुए के हमले से पिता की जान बचाने वाली चंपावत के सिमल्टा कांडा की वीर बेटी किरण पांडेय का आज 29 जुलाई को विश्व बाघ दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में वीर बेटी का सम्मान दिया। सम्मान में उन्हें स्मृति चिन्ह और 25 हजार रुपये का चेक दिया गया। CM ने कहा कि किरण पांडेय ने कठिन परिस्थितियों में जिस साहस और धैर्य का परिचय दिया, वह समाज के लिए मिसाल है। ऐसे हिम्मती युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।


17 जुलाई की रात सवा 9 बजे चंपावत से करीब 12 किलोमीटर दूर सिमल्टा गांव में एक तेंदुए ने घर में घुसकर 64 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडेय पर हमला कर दिया था। तभी दूसरे कमरे में काम कर रही पांडेय की बेटी किरन (32) चीख सुन फौरन पिता के कमरे में पहुंची और अदम्य साहस और सूझबूझ से पिता को कमरे से बाहर खींच लाई। साथ ही किरन ने बाहर से दरवाजा भी बंद कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के बाद पिता की हालत में सुधार हुआ। मां की नेत्र सर्जरी के चलते किरन कुछ दिन पहले ही मायके आई थी। इस बहादुरी के लिए पिछले हफ्ते DM मनीष कुमार ने भी किरन पांडेय का सम्मान किया था। किरण को सम्मानित किए जाने पर ग्राम प्रधान गिरीश पालीवाल ने CM पुष्कर धामी और DM मनीष कुमार का धन्यवाद ज्ञापित किया है।

© 2026. All Rights Reserved.