Tuesday Nov 24, 2026

टनकपुर गांधी ग्राउंड में चल रहे दशहरा महोत्सव के साक्षी बने CM पुष्कर सिंह धामी

स्पोर्ट्स हॉस्टल में खिलाड़ियों से और मुख्य सेवक संवाद कार्यक्रम में लोगों से संवाद भी किया

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा अपने आप में अत्यंत दिव्य है। भगवान की कृपा वहां अवश्य होती है, जहां भागवत विराजमान होती है और श्रद्धा के साथ कथा का आयोजन होता है। नवयुवक रामलीला कमेटी द्वारा टनकपुर में आयोजित दशहरा महोत्सव में उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि एवं मां शारदा की इस पावन धरती पर ऐसे धार्मिक आयोजनों का महत्व कई गुना बढ़ जाता है। हमारी धार्मिक परंपराएं और उत्सव समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराते हैं। मुख्यमंत्री ने श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया। इस दौरान बाबा नीम करौली महाराज पर आधारित भक्ति संगीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे भगवान, सागर में नैया डार देई’ को उन्होंने सुना। बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। CM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और विरासत को साथ लेकर तेजी से आगे बढ़ रहा है। 

दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में CM पुष्कर सिंह धामी।

उत्तराखण्ड में विकास के साथ अपनी संस्कृति, धार्मिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी संकल्प के साथ आदर्श जनपद चम्पावत में भी विकास की अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही बेहतर सड़क, परिवहन, पर्यटन, खेल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर पहुंचकर वहां रह रहे खिलाड़ियों से मिल उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्होंने ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में लोगों से संवाद किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, दायित्वधारी हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी व किरन देवी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, प्रदेश मंत्री भाजपा  निर्मल माहरा, अध्यक्ष नगर मंडल चम्पावत सुनील पुनेठा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.