Friday May 1, 2026

राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त डॉ. जोशी को 'वरिष्ठ नागरिक सम्मान' से नवाजा गया

उत्तराखंड के हर जिले से एक-एक वरिष्ठ नागरिक को मिला यह सम्मान

देवभूमि टुडे

चंपावत/हल्द्वानी​। चंपावत जिले के शिक्षाविद और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त डॉ. भुवन चंद जोशी को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी ऑडोटोरियम में 30 अप्रैल को हुए समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें वरिष्ठ नागरिक सम्मान से नवाजा। मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट किया और उनके जज्बे की सराहना की। सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ मंत्री राम सिंह कैड़ा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी और अन्य नागरिक मौजूद थे। डॉ. जोशी के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों से भी एक-एक वरिष्ठ नागरिक को इस सम्मान से सम्मानित किया गया। सरकार ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के समाज के प्रति योगदान को सम्मानित करने के लिए ये सम्मान दिया है।

सम्मान प्राप्त डॉ. भुवन चंद्र जोशी।

 

 

शिक्षा से समाज में​ अलख जगाने तक का सफर:

​डॉ. भुवन चंद जोशी ने राजकीय सेवा में 4 दशक समर्पित किए। प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने विश्राम करने के बजाय समाज की सेवा को लक्ष्य बनाया। बीते 14 वर्षों से वे लगातार चंपावत में शिक्षा का प्रसार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सुरक्षा और बाल कल्याण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कार्य कर रहे हैं। समाज को एकजुट करने और सामाजिक कल्याण की दिशा में उनके समर्पण को देखते हुए सरकार ने उन्हें इस सम्मान के लिए चुना।

सेवानिवृत्ति के बाद की सेवा से मिली असली खुशी:

​सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक हुए डॉ. भुवन चंद जोशी ने कहा कि ​"मैने अपने जीवन के 40 साल राजकीय सेवा में दिए, लेकिन आत्मिक संतोष मुझे सेवानिवृत्ति के बाद समाज की सेवा करके मिला। निर्विवाद रूप से समाज के मुद्दों के साथ खड़ा रहना ही मेरा उद्देश्य रहा है। आज इस सम्मान को पाकर मुझे अत्यंत गर्व और हर्ष की अनुभूति हो रही है।"

वहीं ​डॉ. जोशी को यह सम्मान मिलने पर चंपावत के प्रबुद्धजनों ने खुशी जताई है। उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, ​सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ​डॉ. तिलकराज जोशी, ​डॉ.कीर्ति बल्लभ सक्टा, ​महेंद्र सिंह बोहरा, इंद्र सिंह बोहरा, पूर्व डीजीसी अमरनाथ वर्मा, ​ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, ​नगरपालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय,​ वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट शंकर पांडेय, राजेंद्र गहतोड़ी, प्रकाश जोशी शूल, दिनेश पांडेय ​सहित तमाम लोगों ने बधाई दी है। कहा कि डॉ. जोशी इस सम्मान के सच्चे हकदार थे और उनके मार्गदर्शन से चंपावत जिला विकास पथ पर आगे बढ़ेगा।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.