Monday Nov 23, 2026

भाजपा संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की हरिद्वार में हुई बैठक में बोले CM पुष्कर सिंह धामी

देवभूमि टुडे

चंपावत/हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों को कार्यकर्ता जनता तक पहुंचाएं। भाजपा की सबसे बड़ी ताकत समर्पित कार्यकर्ता है और संगठन की मजबूती ही हमारी सफलता का सबसे बड़ा आधार है।

हरिद्वार में 21 नवंबर को भाजपा संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जनसंपर्क अभियान को गति देने में मोर्चों व प्रकोष्ठों की भूमिका पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित, अनुशासित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार के माध्यम से तेजी मिली है। सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

 

राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून बनाने, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने, युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने व मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं, वहीं तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना है। राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने, निवेश आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

सीएम धामी ने भाजपा के सभी मोर्चों व प्रकोष्ठों की संगठनात्मक संरचना समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त जरिया है। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा सहित सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को सक्रियता के साथ जन संपर्क बढ़ाते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती किसी भी चुनाव में सफलता का सबसे महत्वपूर्ण आधार होती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं, जन भावनाओं और विकास संबंधी जरूरतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना चाहिए। सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण के साथ संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, भाजपा संगठन की एकजुटता और समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से उत्तराखंड विकास एवं सुशासन की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।

बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद एवं प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.