टनकपुर उप जिला अस्पताल में नवीन स्वास्थ्य सुविधाओं एवं डांडा ककनई में समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया वर्चुअल शुभारंभ
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर/देहरादून। टनकपुर उप जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट में दो और मशीनें मिल गई हैं। आज 10 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन दो डायलिसिस मशीनों का शुभारंभ किया। साथ ही एकनई ईसीजी मशीन भी दी गई। इन मशीनों के जरिए किडनी के मरीजों को विशेष सुविधा मिलेगी। इसके अलावा दिल संबंधी दिक्कत के शुरुआती लक्षण में ईसीजी मशीन से लाभ मिलेगा। सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी ने बताया कि इन सुविधाओं के मिलने से अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उद्घाटन करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर कर लोगों को अधिक से अधिक गुणवत्तायुक्त इलाज देना सरकार की प्राथमिकता है।





बाद में नेस्ले इंडिया एवं बीएआईएफ के सहयोग से संचालित उत्तराखंड सीएसआर 2026 एचवीडीपी (समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम) का डांडा ककनई गांव के लिए शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम के जरिए स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं ग्राम अवसंरचना सहित अनेक क्षेत्रों में विकास कार्यो को नई गति मिलेगी। सीएम ने जीआईसी डांडा ककनई से समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद वर्चुअल संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉंसिबिलिटी) सिर्फ सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि देवभूमि के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने उद्योग जगत से उत्तराखंड की विकास यात्रा में सहभागी बनने और अपने सीएसआर संसाधनों का अधिकतम उपयोग राज्य के समग्र विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, हेमा जोशी, भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज कठायत, रोहिताश अग्रवाल, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, सुंदर सिंह बोहरा, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केएस बृजवाल, तहसीलदार पिंकी आर्य, सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि एवं अन्य लोग मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.