17 मई को होगी संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा
21 सितंबर 2025 को हुई परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद निरस्त हुई थी
UKSSSC के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए
देवभूमि टुडे
चंपावत। UKSSSC (उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने कहा कि 17 मई को होने वाली CGL (संयुक्त स्नातक स्तरीय) परीक्षा को नकल रहित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी जरूरी उपाय किए गए हैं। 21 सितंबर 2025 को हुई CGL परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद निरस्त कर दी गई थी। इस मामले में CBI जांच भी चल रही है। अब 17 मई को यह परीक्षा दुबारा कराई जा रही है।
चंपावत कलक्ट्रेट में परीक्षा की तैयारी बैठक की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा ड्यूटी में तैनात कार्मिकों को पूर्व में बैठक के जरिए नई SOP और दिशा-निदेर्शों की पूरी जानकारी देने के निर्देश दिए गए। 27 अप्रैल की शाम हुई बैठक में एडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी, डिप्टी कलेक्टर विपिन चंद्र पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल के अलावा तमाम सेक्टर मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।


निष्पक्ष परीक्षा के लिए उठाए गए हैं ये कदम:
1.सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए जैमर लगाए जाएंगे। ताकि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग पर पूरी तरह रोक लग सके। CCTV कैमरों से परीक्षा केंद्र की निगरानी और अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति के साथ ही चेकिंग की अनिवार्यता भी की गई है।
2.सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से एक दिन पूर्व 16 मई को सभी केंद्रों का अनिवार्य निरीक्षण किया जाएगा।
3.संदिग्ध गतिविधियों एवं कोचिंग संस्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
4.SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) के तहत सुरक्षा, पारदर्शिता और निगरानी के प्रावधानों को लागू करने के लिए परीक्षा में लगे अधिकारी-कर्मियों को निर्देश दिए गए।
सितंबर में चंपावत में 2485 ने दी थी परीक्षा:
चंपावत। 21 सितंबर को हुई परीक्षा में चंपावत जिले में 2485 अभ्यर्थियों ने इम्तिहान दिया था। जबकि कुल 3426 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा चंपावत जिले के 12 परीक्षा केंद्रों में हुई थी। चंपावत में जवाहर नवोदय विद्यालय, जीजीआईसी, जीआईसी, यूनिवर्सल कांवेंट, विवेकानंद विद्या मंदिर जूप चंपावत, मल्लिकार्जुन स्कूल और लोहाघाट में जीजीआईसी, जीआईसी, ऑकलैंड पब्लिक स्कूल, डिग्री कॉलेज, विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और होली विजडम स्कूल मानेश्वर में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
© 2026. All Rights Reserved.