खामी की वजह से लोहाघाट से हल्द्वानी जाने वाली बस सेवा निरस्त
4 यात्रियों के टिकट भी कट चुके थे
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। परिवहन निगम की बसें मुसाफिरों के लिए मुसीबत पैदा कर रही है। लोहाघाट डिपो की बस लगातार दूसरे दिन खराब हुई। हद ये हो गई कि वर्कशॉप से चली बस 3 किलोमीटर दूर स्टेशन पहुंचते-पहुंचते खराब हो गई। इसके चलते मुसाफिरों को दुश्वारी झेलनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक लोहाघाट डिपो की बस (UK07 PA 4195) को आज 24 जुलाई की सुबह 9 बजे लोहाघाट से हल्द्वानी जाना था। बस लोहाघाट से रवाना होने के लिए स्टेशन पहुंची ही थी कि एकाएक खराब हो गई। बस के गियर बॉक्स में खराबी आ गई। बस के स्टाफ ने खामी को दूर करने के जी-तोड़ प्रयास किए, लेकिन बस ठीक नहीं हुई। इसके
बाद हल्द्वानी की आज की बस सेवा को रद्द कर दिया गया। 4 यात्रियों के टिकट भी कट चुके थे। हल्द्वानी जाने के लिए इंतजार कर रहे यात्रियों को दुश्वारी झेलनी पड़ी। बसों की कमी से दूसरी बस को हल्द्वानी भेजा भी नहीं गया।
2 दिन में 2 बसें खराब:
चंपावत/लोहाघाट। रोडवेज की लोहाघाट डिपो की दो दिन में दो बसें रास्ते में खराब हो चुकी हैं। आज तो लोहाघाट से हल्द्वानी जाने वाली बस रोडवेज स्टेशन में खराब हुई। एक दिन पहले 23 जुलाई को हल्द्वानी से लोहाघाट जा रही बस चंपावत जिला अस्पताल के नजदीक क्लच पाइप फटने से खराब हो गई थी। जिसमें 37 मुसाफिरों को मुसीबत झेलनी पड़ी।
बस तो कल खराब हुई थी...
रोडवेज की बसों की बेहाली तो जो है सो है, निगम के अधिकारियों के हाल भी अजब-गजब हैं। लोहाघाट डिपो के एजीएम धीरज वर्मा से जब फोन पर पूछा गया कि आज 24 जुलाई को हल्द्वानी जाने वाली बस की खराबी की वजह पूछी, तो उनका कहना था कि आज तो कोई बस खराब नहीं हुई है। बस तो कल खराब हुई। फिर एआरएम वर्मा ने टाइम ऑफिस पूछ आज शुक्रवार को बस के खराब होने की तस्दीक करने की बात कही। यानी रोडवेज के प्रबंधन और स्टेशन के बीच कितना तालमेल है, कितना जानकारियों का आदान-प्रदान होता है, ये इसकी एक बानगी है।
लोहाघाट डिपो में सिर्फ 27 बसें:
लोहाघाट डिपो में इस वक्त मात्र 27 बसें हैं। एआरएम धीरज वर्मा का कहना है कि डिपो को 16 बसों की और जरूरत है। इसके लिए मुख्यालय से आग्रह किया गया है। वैसे इस वक्त दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, बरेली, हल्द्वानी, नैनीताल, पोंटा साहिब आदि रूट पर बस सेवा संचालित हैं। बसों के साथ ही उपकरण की भी कमी बताई गई है।
© 2026. All Rights Reserved.