Saturday Jul 18, 2026

शारदा कॉरिडोर का काम करा रही कंपनी के ठेकेदार ने कच्चे झालों पर चलाई जेसीबी, लोगों में आक्रोश

पुलिस ने शांत कराया मामला

टनकपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम की घटना

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। शारदा कॉरिडोर का निर्माण कर रही अमरोहा की अरुण कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार ने कल 16 जुलाई शाम बुलडोजर चला कर कई कच्चे झाले और मकान के हिस्से तोड़ डाले।  जिसके बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना उनके आशियानों के समीप बुलडोजर चलाकर नुकसान पहुंचाया गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

जेसीबी चलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध जताया। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने कार्रवाई से पहले न तो कोई सूचना दी और नहीं प्रभावित परिवारों को विश्वास में लिया। प्रभावित परिवारों ने नुकसान की भरपाई किए जाने की भी मांग उठाई है।

पीड़ित मीना सागर, राजकुमार, मीरा, राकेश, राम कुमार, गीता आदि का कहना है कि ठेकेदार ने किसी की दीवार, किसी का बरामदा और किसी का छज्जा तोड़ दिया। उनका कहना है कि वे शारदा कॉरिडोर के विरोधी नहीं हैं, लेकिन परियोजना के नाम पर गरीब परिवारों के साथ अमानवीय व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की।

अतिक्रमण पर चलती जेसीबी मशीन।

ठेकेदार ने मानी गलती, नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन

CM ने प्रकरण का लिया संज्ञान., DM ने दोनों पक्षों की बैठक ली

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। टनकपुर शारदा कारिडोर के निर्माण के दौरान शारदा घाट में रहे रहे लोगों के कच्चे झालों पर जेसीबी चलाने की घटना को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से लिया है। सीएम के निर्देश पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को टनकपुर तहसील सभागार में पीड़ित परिवारों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों एवं ठेकेदार के साथ बैठक की। डीएम ने सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ठेकेदार ने अपनी गलती मानी और पीड़ितों को हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचने के बाद उन्होंने शुक्रवार को दोनों पक्षों की बैठक कर पीड़ितों की बात सुनने और मामले का निराकरण करने के निर्देश दिए थे। डीएम ने कहा कि शारदा कारिडोर मुख्यमंत्री का महत्वाकांक्षी जनहित एवं विकास से जुड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देना है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों के साथ स्थानीय लोगों के अधिकारों, भावनाओं और हितों का भी पूरा सम्मान किया जाए। बैठक के दौरान ठेकेदार व कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से खेद जताते हुए आश्वासन दिया गया कि कार्य के दौरान हुई क्षति की भरपाई करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्य पूर्ण कर दिए जाएंगे। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, टीम लीडर शारदा परियोजना सत्यजीत राय गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित बंसल, मयंक मित्तल आदि मौजूद थे।

बैठक लेते DM मनीष कुमार।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.