Saturday Jul 18, 2026

चंपावत जिले के लोहाघाट में शिक्षिका पर अपने शिक्षक पति पर चाकू से हमले का आरोप

उप जिला अस्पताल में इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर

फिलहाल पुलिस की चौखट तक नहीं पहुंचा मामला

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट क्षेत्र के पाटन क्षेत्र में शिक्षक दंपती विवाद के बीच खून-खराबा हो गया। बवाल इस कदर बढ़ा कि पत्नी ने बेरहमी से अपने पति पर चाकू से कई वार किए। ये आरोप चोटिल पति ने लगाए हैं। शिक्षक के दोनों हाथों में बुरी तरह चोटें आई हैं। इसके अलावा गर्दन में भी चोट के निशान है। जख्मी पति को लोहाघाट उप जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें चंपावत जिला अस्पताल लाया गया।

 

जानकारी के मुताबिक 16 जुलाई की रात लोहाघाट के पाटन क्षेत्र में एक शिक्षक दंपती में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बहस बढ़ी। आरोप हैं कि इसी बीच शिक्षिका ने अपने शिक्षक पति पर चाकू से कई हमले किए। हमले में पति बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें आननफानन में लोहाघाट के उप जिला अस्पताल ले जाया गया। सीएमएस डॉ. विराज राठी के मुताबिक शिक्षक के दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। चंपावत जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉॅ. हीरा सिंह ह्यांकी ने बताया कि अस्पताल में इलाज चल रहा है। शिक्षक खतरे से बाहर है।

सूचना पर लोहाघाट पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। बताया गया है कि दंपती के बीच पिछले कुछ समय से विवाद था। कल किसी मामले में गरमागरमी हुई और उसके बाद पत्नी ने अपने पति पर बेरहमी से हमले किए, ऐसे आरोप पति ने लगाए है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.