Friday Jun 26, 2026

सर्राफा कारोबारी के कारीगर सोना चुराकर उन्हें ही बेचा और हो गए थे फरार

35 ग्राम सोना और 700 ग्राम चांदी लेकर चंपत हुए थे कारीगर

पश्चिम बंगाल के हैं दोनों आरोपित, कोर्ट में पेश

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट से ज्वैलरी की दुकान सोना-चांदी लेकर फरार हुए पश्चिम बंगाल के दो कारीगरों को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए कुछ सामान भी बरामद किया है। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। दोनों आरोपितों ने दुकान में सोना-चांदी चोरी कर दुकान मालिक को जालसाजी कर बेच दिया और फरार हो गए थे।

 

खड़ी बाजार के आभूषण व्यापारी योगेश वर्मा ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि शाहिद अली मलिक और एसके साहिबुल दोनों निवासी बाली चतुरी, हावड़ा (पश्चिम बंगाल) एक वर्ष से लोहाघाट में ज्वैलरी निर्माण का कार्य कर रहे थे। दोनों कारीगर विभिन्न आभूषण विक्रेताओं से काम लेकर सोने-चांदी के आभूषण तैयार करते थे। व्यापारी के अनुसार दोनों आरोपित करीब 35 ग्राम सोना और 700 ग्राम चांदी लेकर फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और एसओजी के साथ संयुक्त अभियान चलाया। प्रभारी थानाध्यक्ष विपुल जोशी के मुताबिक पुलिस और एसओजी टीम ने दोनों आरोपितों को दिल्ली पालम एयरपेार्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316, 318 और 317 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 400 ग्राम चांदी भी बरामद की है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई कुंदन सिंह बोहरा, एएसआई धर्मेंद्र प्रसाद, विजय रजवार, कुलदीप, सूरज और ललित शामिल थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.