लोहाघाट उप जिला अस्पताल में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार एवं चंपावत जिला अस्पताल में हफ्ते के शेष तीन दिन हड्डी का होगा इलाज
जिला अस्पताल के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय पाठक की अवकाश अवधि तक के लिए की गई है वैकल्पिक व्यवस्था
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। अगले कुछ समय तक चंपावत जिले के पर्वतीय क्षेत्रों के सबसे बड़े दो सरकारी अस्पतालों में हड्डी के रोगियों को हर रोज नहीं, रोटेशन में इलाज मिलेगा। आज 4 अगस्त (मंगलवार) से यह व्यवस्था लागू हो गई है। लोहाघाट उप जिला अस्पताल में हफ्ते के तीन (सोमवार, बुधवार व शुक्रवार) दिन और चंपावत जिला अस्पताल में हफ्ते के शेष तीन (मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार) दिन हड्डी का इलाज होगा।
जिला अस्पताल में अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय पाठक की सेवाओं से लोगों को खासा लोभ हो रहा है। अलबत्ता सोमवार से वे अवकाश में है। उनकी अवकाश अवधि के दौरान चिकित्सा विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। CMO डॉ. देवेश चौहान के मुताबिक ये व्यवस्था जिला अस्पताल के अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय पाठक के अवकाश अवधि तक रहेगी। अवकाश अवधि में लोहाघाट SDH के अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. आरके गांधी हफ्ते में 3 दिन चंपावत जिला अस्पताल सेवाएं देंगे। DM मनीष कुमार के निर्देश में CMO ने ये व्यवस्था की है।

चंपावत DH में इन दिनों मिलेगी इलाज की सुविधा:
मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार।
लोहाघाट SDH में इन दिनों मिलेगी इलाज की सुविधा:
सोमवार, बुधवार और शुक्रवार।
टनकपुर SDH 17 माह से बिना हड्डी रोग विशेषज्ञ के:
चंपावत/टनकपुर। चंपावत जिले में अस्थिरोग विशेषज्ञ के कुल तीन पद स्वीकृत हैं। जिला अस्पताल के साथ ही दोनों उप जिला अस्पताल में एक-एक पद स्वीकृत हैं। मगर चंपावत जिले में तीन के सापेक्ष दो ही अस्थिरोग विशेषज्ञों की तैनाती है। टनकपुर उप जिला अस्पताल को एक साल 4 माह बाद भी कोई अस्थिरोग विशेषज्ञ नहीं है। टनकपुर SDH में 31 मार्च 2025 को अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद कुमार जोशी के सेवानिवृत हुए, लेकिन उनके जाने के बाद से किसी की तैनाती टनकपुर में नहीं हुई है। इससे टनकपुर-बनबसा क्षेत्र के हड्डी रोगियों को दुश्वारी झेलनी पड़ती है।
© 2026. All Rights Reserved.