चंपावत जिले के विभिन्न हिस्सों में उल्लास से मना भैया दूज पर्व
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। चंपावत जिले के तमाम हिस्सों में भैया दूज उल्लास से मना। बहनों ने-जी रया, जागी रया, झुलन फुलन होया... जैसे आशीष वचन के साथ च्यूड़ा और गुप्फा फूलों से भाइयों का सिर पूजा। बहनों ने भाइयों के दीर्घायु और खुशहाल जीवन की कामना की। भाइयों ने बहनों की रक्षा का वायदा किया। पर्व को लेकर सुबह से ही उत्साह था। बहनें सिर पूजन के लिए भाइयों के घर पहुंची।



मान्यता है कि इस दिन यमुना ने अपने भाई यमराज को अपने घर बुलाकर आरती उतारी और भोजन कराया। इससे प्रसन्न होकर यम ने अपनी बहन को उपहार देने के साथ ही यह वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उसे उपहार देगा और जो बहन भाई का स्वागत करेगी उन्हें कभी यमराज का भय नहीं सतायेगा। भैया दूज पर बहनों व भाइयों ने यम व यमुना की विशेष पूजा-अर्चना की। वही भाइयों ने बहनों को मनचाहा उपहार दिया। भैया दूज पर्व के मौके पर वाहनों में सुबह से ही भीड़ देखने को मिली।
© 2026. All Rights Reserved.