Sunday Nov 15, 2026

बाराकोट तहसील में SDM का पद सृजित नहीं, जिम्मा लोहाघाट के SDM को

डिग्री कॉलेजविहीन अकेला ब्लॉक और तहसील मुख्यालय है बाराकोट

X-RAY की सुविधा से भी वंचित

26 का उत्तराखंड-5

देवभूमि टुडे

चंपावत/बाराकोट। इकलौती तहसील वाले चंपावत जिले में उत्तराखंड बनने के बाद तहसील बढ़कर 5 (चंपावत, पूर्णागिरी, पाटी, लोहाघाट एवं बाराकोट) हो गई। इसके अलावा 2 (तल्लादेश मंच और गुमदेश) उप तहसील भी हैं। छोटी प्रशासनिक इकाई से लोगों को होने वाले फायदों के मद्देनजर ये अच्छा कदम है। लेकिन चंपावत जिले में 5 तहसील होने के बावजूद SDM 5 नहीं, 4 हैं। बाराकोट तहसील में न SDM तैनात हैं और नहीं पद सृजित है। इससे क्षेत्र के लोगों को तहसील बनने का खास लाभ नहीं रहा है, उल्टा फजीहत झेलनी पड़ रही है।

35 हजार से अधिक आबादी वाले सेनानियों के गढ़ बाराकोट की उप तहसील को 20 जनवरी 2014 को उच्चीकृत कर तहसील बनाया गया था। तहसील तो बनी, लेकिन SDM का पद सृजित नहीं हुआ। और तबसे ये स्थिति बनी हुई है। SDM का जिम्मा 12 किलोमीटर दूर लोहाघाट के SDM के पास है। बाराकोट में तहसीलदार का ही पद सृजित है। लोगों का कहना है कि SDM नहीं होने से यहां के लोगों को तहसील से संबंधित जरूरी कामों के लिए लोहाघाट की दौड़ लगानी पड़ रही है। जिसमें धन और वक्त दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

 निर्माणाधीन तहसील भवन एवं वर्तमान तहसील कार्यालय।

डिग्री कॉलेज नहीं...उच्च शिक्षा के लिए दौड़ लगाने को मजबूर छात्र:

बाराकोट के दोनों ITI बंद:

चंपावत/बाराकोट। चंपावत जिले में 7 राजकीय डिग्री कॉलेज हैं। पूर्णागिरी तहसील में 2, चंपावत में 2, पाटी में 2 और लोहाघाट में 1 डिग्री कॉलेज हैं। लेकिन बाराकोट अकेली ऐसी तहसील हैं, जहां एक भी डिग्री कॉलेज नहीं है। इस वजह से यहां के विद्यार्थियों और खासकर छात्राओं को दुश्वारी हो रही है। उन्हें लोहाघाट, पिथौरागढ़ या दूसरे शहरों की दौड़ लगानी पड़ रही है। इस कारण बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो रही है।

उच्च शिक्षा ही नहीं, औद्योगिक प्रशिक्षण की भी इस तहसील में सुविधा नहीं है। बाराकोट क्षेत्र में 2 ITI हैं। लेकिन रेगड़ू और बाराकोट दोनों आईटीआई बंद हैं। रेगड़ू ITI कभी संचालित नहीं हुआ। जबकि बाराकोट के ITI में 2017 से ताले लटके हैं। यहां के छात्रों को औद्योगिक प्रशिक्षण के लिए खेतीखान, चंपावत या दूसरे संस्थान जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।

अकेली तहसील, जहां X-RAY की सुविधा नहीं:

चंपावत/बाराकोट। शिक्षा ही नहीं, बाराकोट की सेहत भी ठीक नहीं है। सबसे बड़े अस्पताल बाराकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे परीक्षण की सुविधा नहीं है। एक्सरे का परीक्षण नहीं होने से बाराकोट के लोगों को भारी दुश्वारी हो रही है। पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदाबल्लभ बगौली कहते हैं कि एक्सरे की सुविधा नहीं होने से चोट लगने या अन्य कारणों से हड्डी टूटने के वक्त एक्सरे के लिए यहां के लोगों को वाहन बुक करा लोहाघाट जाने को मजबूर होना होता है। जिसमें परेशानी के अलावा वक्त और धन भी खर्च होता है। एक्सरे की सुविधा के लिए सीएमओ से लेकर स्वास्थ्य महानिदेशक, स्वास्थ्य मंत्री एवं मुख्यमंत्री तक से गुहार लगाई जा चुकी है, मगर हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। CMO डॉ. देवेश चौहान का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सामान्य रूप से X-RAY परीक्षण का प्रावधान नहीं है।

क्या कहते हैं विधायक:

तहसील और ब्लॉक मुख्यालय बाराकोट की प्रशासनिक इकाई को सुविधा लायक बनाने, डिग्री कॉलेज की स्थापना और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कई बार आवाज उठाई। बाराकोट तहसील में SDM का पद सृजित करने का मुद्दा विधानसभा में भी उठाया था। तब उन्हें आश्वासन भी दिया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने न SDM का पद सृजित किया और नहीं लोगों की सुविधा के लिए सप्ताह में कुछ निर्धारित दिनों में SDM का कैंप करने की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े यहां के अन्य मुद्दों को भी उन्होंने सदन में मुखरता से उठाया, लेकिन आश्वासन के बावजूद सरकार ने अब तक बाराकोट में न राजकीय डिग्री कॉलेज खोला और नहीं स्वास्थ्य की सुविधा को बेहतर किया है।

खुशाल सिंह अधिकारी,

विधायक, लोहाघाट।

विधायक खुशाल सिंह अधिकारी।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.