बाराकोट की आपात सेवा 108 की एंबुलेंस 20 जुलाई से खराब
लोहाघाट से भेजी जा रही एंबुलेंस
देवभूमि टुडे
चंपावत/बाराकोट। बाराकोट के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आपात सेवा 108 की एंबुलेंस बीते 6 दिनों से खराब है। इससे ग्रामीणों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
बाराकोट में भले ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन एक्सरे सहित कई मामूली सुविधा नहीं है। इस कारण बाराकोट विकासखंड के तमाम ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अक्सर लोहाघाट उप जिला अस्पताल और दूसरे अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ती है। इन हालातों के बीच बाराकोट की आपात चिकित्सा सेवा 108 की एंबुलेंस 20 जुलाई से खराब है। इमरजेंसी होने में बाराकोट के लिए एंबुलेंस 14 किमी दूर लोहाघाट से पहुंच रही है। इस कारण बीमार व्यक्ति को परेशानी तो होती है ही, साथ ही इंतजार भी करना पड़ता है। बाराकोट की पूर्व प्रमुख विनीता फर्त्याल, ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदा बल्लभ बगौली सहित कई लोगों ने एंबुलेंस को जल्द से जल्द ठीक करवा सेवा सुचारू करने की मांग की है।

चंपावत जिले में हैं 10 एंबुलेंस:
चंपावत जिले में आपात चिकित्सा सेवा 108 के 10 एंबुलेंस हैं। इस वक्त एक सेवा खराब है। शेष 9 (चंपावत, लोहाघाट, पाटी, रीठा साहिब, तल्लादेश, अमोड़ी, टनकपुर) सेवाएं कार्य कर रही है। इनमें 2 स्थानों में 2-2 एंबुलेंस सेवा है।
क्या कहते हैं प्रभारी:
आपात सेवा 108 की एंबुलेंस सेवा के चंपावत जिला प्रभारी भास्कर शर्मा का कहना है कि 20 जुलाई से खराब बाराकोट की एंबुलेंस को मरम्मत के लिए हल्द्वानी भेजा गया है। कल 26 जुलाई तक ठीक होने की संभावना है। सोमवार तक बाराकोट की एंबुलेंस सेवा सुचारू हो जाएगी।
© 2026. All Rights Reserved.