Tuesday Oct 13, 2026

शेयर मार्केट में मुनाफे, नौकरी और निवेश पर भारी रिटर्न का लालच देकर खाते में ट्रांसफर कराए थे रुपये

तेलंगाना, गुजरात, गुवाहाटी व जम्मू कश्मीर से खाते में हुआ है 3.50 लाख रुपये ट्रांजेक्शन

टनकपुर के ज्ञानखेड़ा के दीपक सक्सेना के रूप में हुई है खाताधारक की पहचान, मामला दर्ज

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। क्षेत्र में साइबर अपराध से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। UCO बैंक के एक शाखा के खाते का इस्तेमाल विभिन्न राज्यों के लोगों से ठगी गई रकम को जमा करने के लिए किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब आरोपित खाताधारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318 (4) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।

 

कोतवाली के उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह बिष्ट को साइबर सेल चंपावत और समन्वय पोर्टल से प्राप्त राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) की चार शिकायतों की जांच सौंपी गई थी। जांच के दौरान पाया गया कि विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों से ऐंठी गई धनराशि को प्राप्त करने के लिए यूको बैंक टनकपुर शाखा के खाता संख्या 24490110040126 का बार-बार इस्तेमाल किया गया है। ठगों ने इंटरनेट मीडिया, फोन कॉल और ऑनलाइन ऐप्स के जरिए लोगों को शेयर मार्केट में मुनाफे, नौकरी और निवेश पर भारी रिटर्न का लालच देकर इस खाते में रुपये ट्रांसफर करवाए थे। पुलिस ने बैंक शाखा प्रबंधक से प्राप्त केवाईसी और अन्य दस्तावेजों के सत्यापन के बाद खाताधारक की पहचान ज्ञानखेड़ा टनकपुर निवासी दीपक सक्सेना के रूप में की है। यह बैंक खाता किसी वैध वित्तीय लेनदेन के लिए नहीं, बल्कि साइबर अपराध से की गई अवैध कमाई को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से ही संचालित किया जा रहा था। टनकपुर के कोतवाल चेतन सिंह रावत ने बताया कि तेलंगाना, गुजरात, गुवाहाटी, जम्मू कश्मीर से इस खाते में एक-एक बार ट्रांजेक्शन हुआ है, जिसमें पहली जांच में करीब 3.50 लाख रुपया जमा हुआ है। इस पूरे नेटवर्क में बैंक की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। विवेचना उप निरीक्षक कुशल सिंह को सौंपी गई है।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.