हर परिवार को 300 यूनिट फ्री बिजली, जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगाने और किसानों को जमीन का मालिकाना हक देने की मांग कर रहे हैं किसान
भारी संख्या में तैनात है पुलिस बल
देवभूमि टुडे
रुद्रपुर। रुद्रपुर में BKU भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का तीन दिनी आंदोलन आज शुक्रवार से शुरू हो गया है। इसके लिए ऊधमसिंह नगर जिले के अलग-अलग जगहों से किसान पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन ने रास्ते में जेसीबी लगाई। बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती के साथ ही ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने की फेर में किसानों और पुलिस फोर्स के बीच धक्कामुक्की भी हुई। भारतीय किसान यूनियन का धरना 23 अगस्त तक जारी रहेगा। वहीं रुद्रपुर कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर किसानों ने लंगर लगाया।



रुद्रपुर कलेक्ट्रेट में किसान आंदोलन को लेकर पुलिस टीम तैनात है। धरना शुरू होने के करीब दो घंटे बाद आंदोलन उग्र हो गया। दोपहर करीब सवा 1 बजे किसानों ने पुलिस की ओर से लगाई गई पहली बैरिकेडिंग तोड़ दी और कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ गए। स्टेडियम रोड पर किसानों के वाहनों के लिए पार्किंग बनाई है। जिले भर से रुद्रपुर में एकत्र किसानों की प्रमुख मांगें प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट फ्री बिजली, जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगाने और किसानों को जमीन का मालिकाना हक देना हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर के चारों ओर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर किसानों को रोक लिया। जिसके बाद किसान हाईवे पर बैठ गए। किसानों ने अंदर नहीं जाने देने पर हाईवे पर धरना देने की चेतावनी है। बैरिकेडिंग पर रोकने को लेकर पुलिस और किसानों के बीच धक्का मुक्की भी हुई। उन्होंने बैरीकेडिंग में चढ़ने का प्रयास किया। एक किसान बैरिकेडिंग से कूदकर कलेक्ट्रेट परिसर में जाने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़ कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर लिया। किसानों ने कलेक्ट्रेट गेट पर ही धरना दिया। कलक्ट्रेट में प्रवेश रोकने के लिए पुलिस ने मुख्य गेट बंद रखा है। वहीं इसे खुलवाने के लिए किसानों और पुलिस अधिकारियों में कहासुनी भी हुई। किसानों ने कहा कि अगर गेट नहीं खोला जाएगा, तो मुख्य गेट पर ही तंबू लगाकर धरना दिया जाएगा। अधिकारी वार्ता कर किसानों को मनाने में जुटे हैं।
© 2026. All Rights Reserved.