Wednesday May 13, 2026

चंपावत जिले की भंडारबोरा जिला पंचायत सीट से विजेता प्रत्याशी शैलेश जोशी का निर्वाचन शून्य घोषित 

चुनाव में गड़बड़ी की वजह से रद्द हुआ निर्वाचन

चंपावत जिला न्यायालय का आदेश

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत जिला पंचायत की भंडारबोरा सीट के विजेता प्रत्याशी शैलश चंद्र जोशी का चुनाव शून्य घोषित कर दिया गया है। दूसरे नंबर पर रहे प्रत्याशी की याचिका पर जिला न्यायालय ने आज 12 मई को ये आदेश दिया। चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों की पुष्टि के बाद निर्वाचन रद्द किया गया। साथ ही अदालत ने दूसरे नंबर पर रहे प्रत्याशी कमल सिंह रावत को विजयी घोषित करने की याचिका को भी निरस्त कर दिया। अदालत के फैसले के बाद अब यह सीट खाली हो गई है।

शैलश चंद्र जोशी।

हरिद्वार जिले को छोड़ उत्तराखंड के शेष 12 जिलों में जुलाई 2025 में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव हुए थे। चंपावत जिला पंचायत की भंडारबोरा सीट के भाजपा समर्थित प्रत्याशी शैलेश चंद्र जोशी ने निर्दलीय कमल सिंह रावत को 25 वोटों से हराया था। शैलेश चंद्र जोशी को 3282 और दूसरे नंबर पर रहे कमल सिंह रावत को 3257 वोट मिले थे। जबकि तीसरे प्रत्याशी अशोक सिंह को 48 वोट मिले। वहीं 278 वोट रद्द घोषित किए गए थे।

चुनाव नतीजे के खिलाफ दूसरे नंबर पर रहे निर्दलीय कमल सिंह रावत ने अदालत में याचिका दायर की थी। याचिका में चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया था। सभी पक्षों को सुनने और तमाम दस्तावेजों के परीक्षण के बाद जिला जज अनुज कुमार संगल ने आज 12 मई को मतगणना की चुनावी प्रक्रिया को शून्य घोषित करने का आदेश दिया। अब यह सीट रिक्त हो गई है। कमल सिंह रावत की ओर से अधिवक्ता राम सिंह बिष्ट ने पैरवी की। एडवोकेट बिष्ट ने बताया कि जितने वोट पड़े और जितने वोट गिने गए उसमें 146 मतों का अंतर है। 6719 वोट पड़े लेकिन गिने गए 6865 वोट। इसके अलावा खारिज वोटों की संख्या में भी हेरफेर की गई है।

15 दिन में जिप की दूसरी सीट रिक्त:

चंपावत जिला पंचायत में 15 दिनों के भीतर दूसरी सीट रिक्त घोषित हुई है। इससे पूर्व अदालत ने 28 अप्रैल को चंपावत की शक्तिपुरबुंगा सीट के विजेता प्रत्याशी निर्दलीय कृष्णानंद जोशी का चुनाव रद्द कर दिया था। मतदाता सूची में दो जगह नाम दर्ज होने के चलते निर्वाचन रद्द किया गया था। और आज 12 मई को चुनाव में गड़बड़ी की वजह से चंपावत के भंडारबोरा सीट के विजेता उम्मीदवार भाजपा समर्थित शैलेश चंद्र जोशी का चुनाव खारिज कर दिया गया है।

कमल सिंह रावत।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.