हरिद्वार में भाजपा के सात मोर्चों और 22 प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक में बनी चुनावी रणनीति
देवभूमि टुडे
चंपावत/हरिद्वार। 2027 के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान तेज करेगी। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 21 नवंबर को पहले दिन पार्टी ने सभी सातों मोर्चों को 1-1 लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया है। भाजपा जनसंवाद शनिवार को प्रेमनगर आश्रम में प्रदेश विस्तारित कार्यसमिति की बैठक से पहले आयोजित सातों मोचों और 22 प्रकोष्ठों की बैठक में चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इसमें शाम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज के अलावा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मोर्चे को 1 लाख से अधिक नए लोगों को पार्टी से जोड़ने पर काम करना होगा। सदस्यता अभियान को प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाना लक्ष्य है। मोचों के कार्यकर्ताओं को अपने-अपने वर्ग और समाज के बीच जाकर संगठन के कार्यक्रम संचालित करने होंगे। प्रत्येक बूथ को जीतने के लक्ष्य के साथ काम करना होगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ शेष कार्यों को पूरा करने का भरोसा भी लोगों को दिलाना होगा। जल्द ही जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें महिलाओं, युवाओं, किसानों और पिछड़े वर्गों समेत सभी समाजों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल सहित सभी मोचों और प्रकोष्ठों के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष व पदाधिकारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.