चंपावत के बालेश्वर वार्ड के नागरिकों ने UPCL और CM कैंप कार्यालय में दिया ज्ञापन
देवभूमि टुडे
चंपावत। बिजली के स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं। चंपावत नगर क्षेत्र के बालेश्वर वार्ड के नागरिकों ने UPCL (उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड) के अधिकारियों से मुलाकात कर स्मार्ट मीटर नहीं लगाने की मांग की है। साथ ही बालेश्वर वार्ड की भाजपा की सभासद पूजा वर्मा ने इसे लेकर UPCL के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन दिया है।
नागरिकों ने कहा कि बालेश्वर वार्ड में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसे लेकर लोगों में अधिक बिजली बिल से लेकर भ्रांति होने से नाराजगी है। लिहाजा इन मीटरों को लगाने से रोका जाए। कहा कि पुराने मीटरों में कोई खामी नहीं थी और लोग भी उन्हें ही लगाने के पक्षधर हैं।
ऊर्जा निगम के अधिकारियों और CM कैंप कार्यालय के प्रतिनिधियों से मिलने वालों में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील साह, भगवत शरण राय, सनी वर्मा, निर्मल तड़ागी, बसंत वमा, भोल चंद्र, पवन गिरी, शेखर चौधरी, विनोद प्रकाश वर्मा, दिनेश पंगरिया, संजय सिंह, सुनील गड़कोटी, विजय चौधरी, योगेश गिरी, निर्मल चंद्र पुनेठा, केशब दत्त पंत, आशा पुनेठा, प्रकाश सिंह देव, श्याम सिंह महर, मदन सिंह महर, विमल साह, जगदीश चंद्र नरियाल, रोशन लाल आदि शामिल थे।


क्या कहते हैं अधिकारी:
स्मार्ट मीटर को लेकर किसी तरह का संशय ठीक नहीं है। बालेश्वर वार्ड के नागरिकों की आपत्तियों और भ्रम को दूर करने का प्रयास किया गया है। इससे अधिक बिजली बिल आने की आशंका निराधार है। स्मार्ट मीटर लगाया जाना भारत सरकार का निर्णय है।
संजय भंडारी,
उप खंड अभियंता, चंपावत।
शहरी क्षेत्रों में 73 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लग चुके: ईई सकारिया
UPCL के चंपावत खंड के अधिशासी अभियंता विजय कुमार सकारिया का कहना है कि प्रदेश के अन्य डिवीजनों की तरह ही चंपावत में भी स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। चंपावत डिवीजन के करीब 68 हजार उपभोक्ताओं में से पहले चरण में नगरीय क्षेत्र के 14 हजार उपभोक्ताओं के मीटर बदले जा रहे हैं। नगरीय क्षेत्र के अब तक करीब 73 प्रतिशत मीटर बदले जा चुके हैं। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।

© 2026. All Rights Reserved.