कुमाऊं में चंपावत के गोल्ज्यू मंदिर से 27 दिसंबर से और गढ़वाल मंडल में 25 दिसंबर से गंगोत्री धाम से शुरू होगी यात्रा
देवभूमि टुडे
चंपावत/हरिद्वार। जनता से सीधा संवाद करने के लिए भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा निकालेगी। यात्रा के जरिए सरकार के कामों और उपलब्धियों को भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसके अतिरिक्त दोनों मंडलों में एक-एक किसान सम्मेलन होंगे। जिला और मंडल स्तर पर कार्य समितियां भी होंगी। भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने बताया कि कुमाऊं क्षेत्र की यात्रा का श्रीगणेश 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन क्षेत्र चंपावत के गोल्ज्यू मंदिर से शुरू होकर 7 जनवरी को हल्द्वानी में संपन्न होगी। जबकि इससे पूर्व गढ़वाल क्षेत्र की यात्रा का आगाज 25 दिसंबर से होगा। यह यात्रा उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम से शुरू होकर 9 जनवरी 2027 को देहरादून में संपन्न होगी। दोनों यात्राओं में कुल 2488 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इस दौरान 26 जनसभाएं आयोजित होंगी।
इस यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनता से सीधा संवाद कर उनकी अपेक्षाओं को समझना और भाजपा की विकास एवं जनसेवा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
टीम वर्क से उत्तराखंड में हैट्रिक बनाएगी BJP: मेनन
चंपावत/हरिद्वार। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के मन में एक ही लक्ष्य होना चाहिए कि सामूहिक प्रयास और टीम वर्क की बदौलत उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई जाए। इसके लिए प्रत्येक मोर्चे और प्रकोष्ठ को अपने निर्धारित सामाजिक वर्ग के बीच सक्रिय होकर काम करना होगा। युवा मोर्चा युवाओं, महिला मोर्चा महिलाओं और किसान मोर्चा किसानों के बीच पहुंचकर संगठन को मजबूत करे। उन्होंने कहा कि मोर्चों के पदाधिकारी अपने पूर्व पदाधिकारियों को भी संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ें और मंडल से लेकर शक्ति केंद्र स्तर तक संगठन की मजबूती पर ध्यान दें। मेनन ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
© 2026. All Rights Reserved.