बनबसा सैनिक छावनी में दौड़ने के दौरान पिर्थोरागढ़ जिले के कमल भट्ट हुए चोटिल, टनकपुर उप जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
देवभूमि टुडे
चंपावत/बनबसा/टनकपुर। बनबसा के सैनिक छावनी परिसर में अग्निवीर भर्ती रैली में लगातार दूसरे दिन एक और अभ्यर्थी दौड़ के दौरान चोटिल हो गया। अभ्यर्थी को प्राथमिक इलाज के बाद टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया। जहां युवक का इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक़ आज 27 नवंबर को भर्ती रैली के 5वें दिन कमल भट्ट (22) पुत्र प्रकाश चंद्र भट्ट निवासी बुंगाछीना पिथौरागढ़ दौड़ के दौरान असंतुलित होकर गिरा। रैली स्थल पर चिकित्सा कैंप में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें टनकपुर अस्पताल लाया गया। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिंस माहेश्वरी के मुताबिक कमल भट्ट के पांव की हड्डी टूटी है। अलबत्ता इलाज के बाद हालात में सुधार है। सर्जरी के लिए युवक के परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। एसडीएम प्रमोद कुमार ने अस्पताल पहुंच जख्मी अभ्यर्थी का हालचाल जाना
बता दें कि अग्निवीर भर्ती रैली में लगातार दूसरे दिन अभ्यर्थी दौड़ के दौरान चोटिल हुआ है। इससे पूर्व कल 26 नवंबर को दौड़ के दौरान देवीधुरा के हिमांशु (20) पुत्र महा सिंह गिरने से चोटिल हो गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक के परिजन जख्मी हिमांशु को स्वेच्छा से हल्द्वानी ले गए।
© 2026. All Rights Reserved.