जिलेभर की आंगनवाड़ी कर्मियों ने निकाली आक्रोश रैली, दिया धरना
मानदेय 25 हजार करने सहित कई मांगों को लेकर गरजीं
देवभूमि टुडे
चंपावत। आंगनवाड़ी वर्कर्स ने मौजूदा 9300 रुपये के मानदेय को बढ़ाकर 25 हजार करने सहित कई मांगों को लेकर हुकार भरी। जिलेभर की कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने चंपावत में रैली निकाली और टैक्सी स्टैंड के पास धरना स्थल पर धरना दिया।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री सेविका मिनी कर्मचारी संगठन की जिलाध्यक्ष मीना बोहरा के नेतृत्व में मानदेय सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर मोटर स्टेशन से रैली निकाली गई। बाद में धरना दिया गया।




चेतावनी दी गई कि तमाम मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदेश स्तर पर 26 फरवरी को आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विमला पनेरु, चंपावत ब्लॉक की अध्यक्ष दीपा पांडेय, संगठन मंत्री गोविंद मेहता, महामंत्री हेमा थ्वाल, उपाध्यक्ष पुष्पा बोहरा, नीरू बिष्ट, लोहाघाट ब्लॉक अध्यक्ष कविता पंत, दमयंती वर्मा, बबीता गहतोड़ी सहित तमाम वर्कर्स का हुजूम था। रैली में चंपावत जिले के सभी 681 आंगनवाड़ी वर्कर्स मौजूद थीं। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा गया। धरना स्थल पर SDM अनुराग आर्य के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद थे।
ये हैं प्रमुख मांगें:
कार्यकत्रियों का वेतन 25 हजार रुपये करने, सेवानिवृत्ति होने पर 10 लाख रुपये देने का शासनादेश जारी करने, 300 रुपये की कटौती को रोकने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बायोमेट्रिक मशीन से नहीं जोड़े जाने, सुपरवाइजर पदों में प्रतिवर्ष सीनियरिटी के आधार पर विज्ञप्ति निकाले जाने, सेवानिवृत्ति पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 1 लाख रुपए देने, सेवानिवृत्ति की आयु सीमा को 62 साल करने, भवन किराए में बढ़ोतरी करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से अन्य विभागों के कार्य के लिए उस विभाग से 1000 प्रतिमाह दिए जाने, नंदा गौरा योजना का लाभ देने की मांग।
© 2026. All Rights Reserved.