Wednesday Apr 22, 2026

जिला स्तरीय वरिष्ठता की आंगनबाड़ी वर्कर्स की मांग

जिला कार्यक्रम अधिकारी पीएस बृजवाल को ज्ञापन सौंपा

वेतन वृद्धि, विभाग में रिक्त पदों पर वरिष्ठता के आधार पर कार्यकर्ताओं की पदोन्नति, कार्यकर्ताओं को उनके भ्रमण एवं विभागीय कार्यों का टीए-डीए का भुगतान करने की मांग की 

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है। कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से बाल विकास परियोजना (आंगनवाड़ी) एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक को ज्ञापन भेजकर पदोन्नति में बदलाव की मांग की है। आज 4 अप्रैल को संगठन ने जिला कार्यक्रम अधिकारी पीएस बृजवाल को ज्ञापन सौंप समाधान का आग्रह किया। आंगनबाड़ी वर्कर्स ने मांगों का उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष दीपेश शर्मा ने भी समर्थन किया है।

 

 

कार्यकर्ताओं का कहना है कि हाल ही में सुपरवाइजर पद के लिए जारी पदोन्नति सूची राज्य स्तरीय वरिष्ठता के आधार पर तैयार की गई है। जिससे इस जिले की कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हो रहा है। चंपावत में आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना 2003 में हुई। जबकि अन्य कई जिलों में यह व्यवस्था वर्ष 1993 या उससे पहले से संचालित है। ऐसे में अन्य जिलों की कार्यकर्ताओं को अधिक सेवा अवधि के कारण स्वाभाविक रूप से उच्च वरिष्ठता मिल रही है।

कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि राज्य-स्तरीय वरिष्ठता को ही आधार बनाया गया, तो चंपावत की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पदोन्नति सूची में शामिल नहीं हो पाएंगी। ज्ञापन में मांग की गई है कि पदोन्नति प्रक्रिया में जिला स्तरीय वरिष्ठता को लागू किया जाए या फिर उपलब्ध पदों का जिलेवार समानुपातिक विभाजन किया जाए, ताकि सभी जिलों की कार्यकर्ताओं को समान अवसर मिल सके।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन जिलाध्यक्ष मीना बोहरा के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में वेतन वृद्धि, विभाग में रिक्त पदों पर वरिष्ठता के आधार पर कार्यकर्ताओं की पदोन्नति, कार्यकर्ताओं को उनके भ्रमण एवं विभागीय कार्यों का टीए-डीए भुगतान करने की मांग उठाई। कहा कि टीकाकरण, चुनाव कार्य, बीएलओ एवं अन्य गैर-विभागीय कार्यों में कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई जाती है। जिससे मुख्य विभागीय कार्यों का बोझ बढ़ता है और वे बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य कार्यों पर ठीक से ध्यान नहीं दे पातीं। उन्होंने अतिरिक्त ड्यूटी पर रोक लगाने की मांग की है।

कार्यकर्ताओं ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश सदस्य विमला पनेरू, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा बोहरा, चंपावत ब्लॉक अध्यक्ष, दीपा पांडेय, बीना पांडेय, जानकी जोशी आदि शामिल थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.