मांगों पर ठोस कार्रवाई के बाद ही खत्म होगा आंदोलन
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन थम नहीं रहा है। मांगों को लेकर गतिरोध दूर नहीं हो रहा है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मानदेय को बढ़ाकर 24 हजार करने सहित कई मांगों को लेकर 4 अप्रैल से कार्य बहिष्कार हड़ताल पर हैं। आज 14 अप्रैल को अवकाश के बावजूद भी उनका आंदोलन जारी रहा। लोहाघाट में धरने पर डटी कार्यकर्ताओं ने आर-पार की जंग का ऐलान किया। कहा कि जब तक उनकी मांगों को लेकर ठोस कदम नहीं उठाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन की वजह से विभागीय कामकाज पर असर पड़ रहा है।
आज मंगलवार को आंगनवाड़ी कार्यकर्ती सेविका मिनी कर्मचारी संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष कविता पंत के नेतृत्व में आंगनवाड़ी वर्कर्स रैन बसेरा के पास धरने पर रहीं। धरना देने वालों में जिला उपाध्यक्ष पुष्पा बोहरा, मीनाक्षी बोहरा, विमला अधिकारी, संगीता शर्मा, शर्मिला बोहरा, किरन देव, हेमा बिष्ट, हीरा बोहरा, बबीता बोहरा, रेखा खोलिया, मीनाक्षी देवी और बाराकोट में दमयंती वर्मा, जानकी जोशी, परमेश्वरी, रेनू देवी, आशा देवी, तुलसी देवी, रेनू अधिकारी आदि धरने पर बैठे।
ये हैं मांगें:
मानदेय को 9300 से बढ़ाकर 24 हजार करने, बायोमैट्रिक से उपस्थिति की अनिवार्यता समाप्त करने, समय पर मानदेय देने, सेवानिवृत्त होने पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि देने, विभाग में रिक्त पदों पर जिलेवार कार्यकर्ताओं की पदोन्नति सुनिश्चित करने, कार्यकर्ताओं को उनके भ्रमण एवं विभागीय कार्यों हेतु नियमानुसार यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता प्रदान करने, बीएलओ और अन्य गैर-विभागीय कार्यों में लगाई जाने वाली ड्यूटी पर फोन का रिचार्ज और टीए-डीए।
© 2026. All Rights Reserved.