टनकपुर शारदा रेंज की घटना
टनकपुर उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
खटीमा के विधायक ने अस्पताल पहुंच मृतकाश्रितों को ढांढस बंधाया
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर/चकरपुर। टनकपुर के शारदा रेंज के अंतर्गत सेनापानी के जंगल में एक हाथी ने एक महिला को कुचल कर मार डाला। महिला चारा और मशरूम लेने के लिए जंगल गई थी। महिला के साथ गए उनका बेटा भी किसी तरह हाथी के चंगुल से बच जान बचा सका। टनकपुर उप जिला अस्पताल में महिला का पोस्टमार्टम हुआ। खटीमा के विधायक भुवन कापड़ी ने आज 31 अक्टूबर को टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंच मृतका के पति जवाहर सिंह और परिजनों को ढांढस बंधाया। DFO उमेश तिवारी ने घटना स्थल का मुआयना किया।

जानकारी के मुताबिक हल्द्वानी वन प्रभाग के टनकपुर शारदा रेंज के अंतर्गत आने वाले सेनापानी पूर्वी जुबलीगंज कक्ष संख्या 1 क्षेत्र में 30 अक्टूबर की शाम मवेशियों के लिए आसपास के गांव की कई महिलाएं चारा लेने गई थीं। इसी दौरान उस स्थान से गुजर रहे एक हाथी महिलाओं के पीछे भागा। हाथी ने श्रीपुर बिछुआ गांव खटीमा निवासी देवकी देवी (55) पत्नी जवाहर सिंह पर हमला कर दिया। महिला को बुरी तरह पटक कर मार डाला। साथ गए बेटे कन्हैया ने अपनी मां देवकी देवी को बचाने के लिए हाथी को भगाने की कोशिश की, मगर हाथी उस पर भी दौड़ा। कन्हैया किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा और वन विभाग को जानकारी दी। जानकारी मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी मेधा सिंह, डिप्टी रेंजर संतोष भंडारी सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
बनबसा की पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया। 31 अक्टूूबर की पूर्वान्ह अस्पताल में डॉ. आफताब आलम ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा।

हमले से खौफ, वन विभाग ने की एहतियात बरतने की अपील:
इस वाकये से देवकी देवी के परिवार में कोहराम मच गया। पूरा क्षेत्र गमगीन है। वहीं इलाके में भी हाथी के हमले के चलते खौफ छाया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से एहतियात बरतने के साथ जंगल जाने से बचने की अपील की है।
© 2026. All Rights Reserved.