चंपावत जिले के एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल कर्मियों के आरोप
चंपावत जिले में CEO तो दूर, महानिदेशक के आदेश भी हो रहे बेअसर
कार्योजित शिक्षकों एवं मिनिस्ट्रियल कार्मिकों को मूल स्कूलों के लिए कार्यमुक्त करने का आदेश नहीं हो पा रहा लागू
देवभूमि टुडे
चंपावत/पाटी। शिक्षा महानिदेशक का 19 जून का संबद्धीकरण निरस्त करने का आदेश पाटी में क्रियांवित नहीं हो पा रहा है। यह आरोप मिनिस्ट्रियल कर्मियों ने लगाया है। और अब इस आदेश को क्रियांवित करवाने के लिए एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन आंदोलन करेगा।
विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक के आदेश के बाद मुख्य शिक्षाधिकारी ने भी 25 जून को सभी कार्योजित शिक्षकों एवं मिनिस्ट्रियल कार्मिकों को उनके मूल विद्यालय के लिए कार्यमुक्त करने के आदेश जारी किए थे। लेकिन इसके बावजूद कई जगह यह आदेश क्रियांवित नहीं हो सका है। मिनिस्ट्रियल कर्मियों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों को पत्र भेज कार्रवाई की मांग के बावजूद अब तक कुछ नहीं हुआ। कार्मिकों ने 16 अक्टूबर को CEO को भेजे पत्र में न्यायोचित कार्रवाई नहीं होने पर 21 अक्टूबर से अनशन की चेतावनी दी है। पत्र में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नगेंद्र कुमार जोशी और जिला सचिव हिमांशु मुरारी के हस्ताक्षर है।

मिनिस्ट्रियल कर्मियों ने लगाए हैं ये 2 आरोप:
1.पाटी उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में सत्रांत लाभ में कार्योजित शिक्षक को कार्यमुक्त नहीं करना।
2.प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन से संबद्ध कुछ शिक्षकों ने 21 सितंबर को नारेबाजी की और पाटी उप शिक्षाधिकारी कार्यालय की रसोईघर में ताला लगाकर महत्वपूर्ण सामग्री ले गए।
गुरुजी और बाबूजी के आमने-सामने आने का ये है मामला:
चंपावत/पाटी। पाटी में शिक्षक और मिनिस्ट्रियल कर्मियों में टकराव की नौबत है। शिक्षा महानिदेशक के 19 जून एवं मुख्य शिक्षाधिकारी के 24 जून के आदेश के बावजूद पाटी के उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सत्र लाभ में नियम विरुद्ध जमे शिक्षक को कार्यमुक्त नहीं किया गया है। शिक्षक को कार्यालय में कार्योजित करने के विरोध में पाटी में शिक्षा विभाग के मिनिस्ट्रियल कार्मिकों ने 7 अक्टूबर को एक दिनी कार्य बहिष्कार भी किया था।
क्या कहते हैं विभागीय अधिकारी:
विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक के आदेश जारी होने के बाद संबद्धीकरण निरस्त करने की कारवाई की गई है। पाटी के मामले में भी जरूरी कदम उठाया जा रहा है। जल्द ही मामले का निस्तारण कर लिया जाएगा।
मान सिंह,
मुख्य शिक्षाधिकारी, चंपावत।
© 2026. All Rights Reserved.