Saturday Oct 24, 2026

मंडी समिति पर लगे आरोप, CM हेल्प लाइन और डीएम से की शिकायत

मनमाने तरीके से रोड पर ही नहीं काटी खेती योग्य जमीन को भी नुकसान पहुंचाने का लगा आरोप

मंडी समिति का आरोपों से इनकार, कहा-नियमों के तहत गुणवत्ता से हो रहा काम

देवभूूमि टुडे

चंपावत। चंपावत के खटोली मोटर मार्ग के चल रहे काम में सर्वे मार्किंग के बिना रोड काट दी गई है। कार्यदाई संस्था ने अपने फायदे के लिए कृषि योग्य जमीन में बैंड दे दिए हैं। इससे काफी नुकसान हो रहा है। ये आरोप खटोली के ग्रामीण कमल सिंह ने लगाए हैं। उन्होंने इसे लेकर जिलाधिकारी के अलावा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में शिकायत की है। मामले की निष्पक्ष जांच कर रोड की सही गुणवत्ता और नुकसान की भरपाई की मांग की गई है।

चंपावत के खटोली मोटर मार्ग से भगवती मेला स्थल तक 1.800 किलोमीटर रोड का इस साल मार्च से निर्माण कराया गया। इसके लिए कार्यदाई एजेंसी मंडी समिति ने ग्रामीणों की अनापत्ति भी ली। यहां तक तो सब ठीक। लेकिन आरोप है कि काम शुरू होने के कुछ समय बाद ही पोकलैंड मशीन को निकालने के लिए 5 बार मिट्टी और बड़े-बड़े बोल्डरों को भर दिया गया। इससे खेतों को भारी नुकसान होने के साथ ही सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो रहा है। इसके अलावा सर्वे मार्किंग और ग्रेडिंग के बगैर रोड काटने के भी आरोप लगाए गए हैं। रोड में जरूरत से ज्यादा बैंड दिए जा रहे हैं।

खटोली की निर्माणाधीन रोड का मलबा।

ग्रामीण की ये है शिकायत:

जी हां, मेरे पिता जी ने अनापत्ति दी थी। लेकिन खेत से एक जगह से रोड काटने को इजाजत दी थी, न कि बैंड काट कर खेतों को नष्ट करने के लिए अनापत्ति नहीं दी गई थी। मंडी समिति ने चट्टान काटने के बजाय बैंड देकर कई जगह कृषि योग्य जमीन को बर्बाद कर दिया है। भारी-भरकम पत्थर खेत में डाल दिए गए हैं। इससे खेत अब खेती लायक नहीं रह गए हैं। साथ ही सर्वे मैपिंग नहीं हुई। रोड भी मानक के अनुरूप नहीं बन रही है। मेरी मांग नुकसान और रोड के एलाइमेंट व गुणवत्ता की जांच की है। DM मनीष कुमार ने नियमानुसार कारवाई का भरोसा दिलाया है।

कमल सिंह,

ग्रामीण, खटोली।

क्या कहते हैं मंडी समिति के अभियंता:

शिकायतकर्ता कमल सिंह के पिता ने अनापत्ति दी थी। इसके अलावा गांव के अन्य लोगों ने भी अनापत्ति दी थी। सड़क का सर्वे हुआ है और सर्वे के हिसाब से ही रोड काटी जा रही है। एक स्थान पर चट्टान आने से समरेखन बदला गया। इस वजह से उनके कुछ खेत कटे हैं। खेत के पत्थर को निकालने के साथ सुरक्षा को लेकर दीवार बना दी जाएगी। सड़क की गुणवत्ता में खराबी या समरेखन ठीक नहीं होने का आरोप गलत है। अभी काम चल रहा है। मंडी के 25 लाख रुपये के दोनों प्रोजेक्ट का काम मार्च 2027 तक पूरा करा लिया जाएगा।

पंकज टम्टा,

जेई, मंडी समिति।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.