अखिल भारतीय सिविल सेवा बैडमिंटन प्रतियोगिता 15 फरवरी से शुरू होकर 21 फरवरी तक होगी
विष्णु गिरि गोस्वामी चंपावत जिला अस्पताल में वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी और शंकर गाड़िया युवा कल्याण विभाग में व्यायाम प्रशिक्षक हैं
देवभूमि टुडे
चंपावत। गोवा में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सेवा बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 में उत्तराखंड की ओर से चंपावत के विष्णु गिरि गोस्वामी और शंकर गाड़िया अपने जौहर दिखाएंगे। प्रतियोगिता आज 15 फरवरी से 21 फरवरी तक गोवा के मपुसा और पेडेम स्थित इनडोर स्टेडियम में होगी।
चंपावत जिला अस्पताल में वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी विष्णु गिरि गोस्वामी इससे पूर्व 2024-25 में भी दिल्ली में हुई अखिल भारतीय सिविल सेवा बैडमिंटन प्रतियोगिता में 55+ आयु वर्ग में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस वर्ष वह 50+ आयुवर्ग में खेलेंगे। कौशल, निरंतरता और खेल के प्रति जुनून के चलते वे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।
वहीं शंकर गाड़िया युवा कल्याण विभाग में चंपावत में व्यायाम प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। वे खेल की बारीकियों के जानकार हैं और अपनी फुर्तीली तकनीक के लिए जाने जाते हैं।वह इस प्रतियोगिता में ओपन वर्ग में खेलेंगे।
दोनों खिलाड़ियों ने देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय चयन ट्रायल्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत प्रदेश की टीम में जगह बनाई। दोनों खिलाड़ी इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए गोवा पहुंच गए हैं। जिला अस्पताल परिवार, युवा कल्याण विभाग और स्थानीय खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। अखिल भारतीय सिविल सेवा प्रतियोगिता में देशभर के प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी व कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं।

© 2026. All Rights Reserved.