यात्रियों को कम किराए पर दिल्ली ले जाने वाले ड्राइवर को 10 जून को जूतों की माला पहनाकर अपमानित किया
जांच अधिकारी ने घटना स्थल देवराड़ी बैंड का मुआयना किया
अभद्रता का वीडियो सार्वजनिक करने, गालीगलौज करने व जाति सूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। गुमदेश क्षेत्र के टैक्सी ड्राइवर के साथ मारपीट और दबंगई दिखाकर जूतों की माला पहनाने वाले चार आरोपित अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं। मामले की जांच कर रहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल ने आज 13 जून को पीड़ित टैक्सी ड्राइवर के बयान लिए। साथ ही पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया।
10 जून को दिल्ली सवारी ले जा रहे डूंगराबोरा के एक टैक्सी ड्राइवर को टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवराड़ीबैंड के पास 4 टैक्सी चालकों ने रोक लिया। आरोप है कि कम किराये में सवारी ले जाने पर नाराज इन टैक्सी चालकों ने गालीगलौज कर मारपीट की और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर जूतों की माला पहनाकर उसका अपमान किया। आरोपितों पर रुपयों की मांग करने का भी आरोप लगाया है। और घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।
पीड़ित चालक की तहरीर पर कल 12 जून को लोहाघाट निवासी वीरेंद्र सिंह, सोबन सिंह, हरीश सिंह बोहरा और मोहन चंद्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के साथ आईटी एक्ट और बीएनएस की धारा 352, 351 (3), 133,126, 308 (2)309 (3), 356,152 (2) में मामला दर्ज किया गया था। लेकिन आरोपित पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। वहीं अनुसूचित जाति संगठन ने 14 जून तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
© 2026. All Rights Reserved.