Saturday Nov 14, 2026

चंपावत जिला अस्पताल और दोनों उप जिला अस्पताल प्रभारियों के हवाले

अस्पतालों के प्रबंधन और प्रशासकीय व्यवस्था पर पड़ता है असर

26 का उत्तराखंड-5

देवभूमि टुडे

चंपावत। जिला अस्पताल को छोड़ जिले के अधिकांश सरकारी अस्पतालों में इलाज की क्या स्थिति हैं, इसे बताने की जरूरत नहीं है। इलाज के लिए जाने वाले लोग इस सच से रूबरू होते रहते हैं। लेकिन आज इलाज पर नहीं, अस्पतालों के प्रशासन और प्रबंधन के हाल जानते हैं। सेहत को संवारने के लिए अस्पतालों का प्रबंधन दुरुस्त होना चाहिए, मगर चंपावत जिले के सबसे बड़े 3 सरकारी अस्पतालों में से कहीं भी पूर्णकालिक मुख्य चिकित्साधीक्षक नहीं है। तीनों ही अस्पतालों की व्यवस्था प्रभारी अधिकारियों के जरिए चल रही है।

चंपावत जिले में 2 दर्जन से ज्यादा छोटे-बड़े सरकारी अस्पताल हैं। इनमें से सबसे बड़े 3 अस्पतालों की प्रशासनिक और प्रबंधकीय व्यवस्था के लिए स्थाई चिकित्साधिकारी नहीं है। चंपावत के जिला अस्पताल से लेकर टनकपुर और लोहाघाट के उप जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधिकारी की कुर्सी पर पूर्णकालिक अधिकारी नहीं है। तीनों ही अस्पतालों में ये प्रभार दूसरे वरिष्ठ चिकित्साधिकारियों को दिया गया है। जिला अस्पताल के CMS डॉ. हीरा सिंह ह्यांकी के रुद्रपुर जिला अस्पताल स्थानांतरण के बाद से DH में किसी की तैनाती नहीं की गई है। 3 नवंबर को डॉ. ह्यांकी के कार्यमुक्त होने के बाद से की वजह से DH की व्यवस्था कामचलाऊ तरीके से चल रही है। वहीं टनकपुर उप जिला अस्पताल के CMS डॉ. घनश्याम तिवारी CMO पद पर पदोन्नति होने के चलते 4 नवंबर को रिलीव हो गए। अलबत्ता टनकपुर में कोई नई व्यवस्था नहीं की गई है। लोहाघाट SDH की व्यवस्था तो लंबे समय से प्रभारी अधिकारी के जरिए से ही चल रही है। जाहिर है कि इसका असर कामकाज और व्यवस्था पर पड़ता है।

 

नए CMO का आदेश हुआ लेकिन ज्वाइनिंग नहीं...

चंपावत। टनकपुर उप जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. घनश्याम तिवारी को शासन ने इस साल 21 अक्टूबर को पदोन्नति करते हुए चंपावत का मुख्य चिकित्साधिकारी बनाने के आदेश जारी किए थे। लेकिन इस आदेश का आज 13 नवंबर तक अनुपालन नहीं हो सका है। अजीबोगरीब तथ्य यह कि डॉ. तिवारी ने टनकपुर अस्पताल का चार्ज वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रभा जोशी को दिया है, लेकिन वे CMO के रूप में कार्यभार नहीं संभाल सके हैं। ये नौबत क्यों और कैसे आई, साफ नहीं है। अलबत्ता डॉ. घनश्याम तिवारी का कहना है कि उन्होंने टनकपुर का चार्ज दूसरे डॉक्टर को दे दिया है, लेकिन CMO का चार्ज वे व्यक्तिगत समस्याओं के कारण नहीं ले सके। इस वक्त चंपावत के CMO की जिम्मेदारी डॉ. देवेश चौहान के पास है।

क्या कहते हैं जिलाधिकारी:

चंपावत जिला अस्पताल और दोनों उप जिला अस्पताल के लिए पूर्णकालिक मुख्य चिकित्साधीक्षक भेजे जाने को लेकर शासन से वार्ता की है। इसके अलावा चंपावत जिले के कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती को लेकर भी प्रयास चल रहे हैं। दो विशेषज्ञ डॉक्टर एनएचएम से जल्द मिलने की उम्मीद भी है। चिकित्सा व्यवस्था को संवारने के लिए सभी जरूरी कोशिशें की जा रही हैं।

मनीष कुमार, DM, चंपावत।

DM मनीष कुमार।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.