डीएम मनीष कुमार ने भी लिया जायजा
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत के छतार क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडर के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। सभासद प्रेमा चिल्कोटी के प्रयासों से सवा 11 बजे बाद सिलिंडर के दो पिकअप पहुंच सके। इसके बाद सिलिंडरों का वितरण हुआ, लेकिन फिर भी काफी लोगों को मायूस लौटना पड़ा। डीएम मनीष कुमार ने भी मौके पर पहुंच लोगों की परेशानी को सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।
छतार क्षेत्र में आज 21 मार्च को गैस सिलिंडर की गाड़ी पहुंचने की उम्मीद में सुबह से उपभोक्ता लाइन में लग गए। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लगी कतार लंबी होती रही, लेकिन 10 बजे तक गाड़ी नहीं पहुंची। लोगों की परेशानी को देखते हुए सभासद प्रेमा चिल्कोटी ने गैस एजेंसी, प्रशासन और पुलिस से संपर्क कर आपूर्ति करने के साथ व्यवस्था बनाने का आग्रह किया। उनकी इस कवायद के बाद अंतत: सवा 11 बजे सिलिंडर की दो पिकअप पहुंची। बहुत से लोगों को सिलिंडर मिला, लेकिन काफी संख्या में ऐसे भी थे, जिन्हें मायूसी मिली। वहीं दूसरी ओर मुड़ियानी के डिलीवरी प्वाइंट पर सिलिंडर का वाहन नहीं पहुंच सका। इस कारण काफी संख्या में लोग सिलिंडर के बगैर वापस लौटे।

सभासद चिल्कोटी ने छूटे लोगों को सिलिंडर उपलब्ध कराने का आग्रह किया
चंपावत। छतार वार्ड की सभासद प्रेमा चिल्कोटी ने गैस सलिंडर की दो पिकअप भेजने के लिए प्रशासन और एजेंसी का आभार जताया। अलबत्ता सिलिंडर पाने से वंचित रह गए लोगों की दिक्कतों को देखते हुए सिलिंडरों की आपूर्ति करने का आग्रह किया है। इस संबंध में सभासद ने एजेंसी और पूर्ति विभाग से छूटे लोगों को सिलिंडर उपलब्ध कराने के लिए छतार में पुन: पिकअप भेजने का आग्रह किया है।


© 2026. All Rights Reserved.